गुरुवार, 14 अक्टूबर 2010

ये सपनों का घर है

बिखरी-बिखरी चीजों में
कुछ ख्वाब संजोए रहते हैं,
एक खिड़की बाहर खुलती है,
और पत्ते बातें करते हैं।

दीवारों पर रंग भी है
और बच्चों की रंगोली भी,
इस घर में अपनी चाहत के
ऐसे कई रंग भी रहते हैं।

ये घर लोगों से सजता है
और बातें यहां बिखरती हैं,
इस घर में हम सबसे ज्यादा
खामोशी से ही डरते हैं।

हमको चंदा की चाह नहीं,
ना आसमान की ख्वाहिश है,
हम फर्श पर लेटे-लेटे ही
तारों की बातें करते हैं।

रोज़-रोज़ की दौड़ नहीं,
हम वक्त के साथ ही बहते हैं,
ये अपने सपनों का घर है,
इसको 1149 कहते हैं!

बुधवार, 13 अक्टूबर 2010

पिंक पेन और कविता

रात से पावर प्वाइंट में उलझी हूं। सुबह-सुबह क्लायंट के साथ मीटिंग है और भारी-भरकम शब्दों की तैयारी करके नहीं गई तो प्रभाव कैसे छोड़ पाऊंगी? तो, सारा ध्यान कंप्यूटर पर है। बगल में एक मोटी डायरी रखी है जिसमें मेरी कविताओं के साथ फिल्मों के लिए कॉन्सेप्ट से गीतों की पंक्तियां और गृहस्थी के हिसाब-किताब, सब मिल जाएंगे आपको।

रात ग्यारह बजे आद्या आई है झूमती हुई। मेरी नींद के साथ उसकी नींद के साथी भी गायब हैं। एक गुलाबी रंग की कलम है उसके हाथ में।

"कवीता लिख रही हो मम्मा? ये लोग पिंक पेन। इससे अच्छी 'कवीता' निकलेगी।"

आद्या के इतना भर कहने से मुझे पावर प्वाइंट से कुछ घंटे और उलझने की हिम्मत मिल गई है।

बारहमासा

(जनवरी)

कुछ और वक़्त निकला,
एक और साल गुज़रा।
जनवरी की ठंड में भी
देखो, लम्हें कैसे पिघलते हैं।

(फरवरी)

घर आओ सूरज दादा,
पकडूं मैं धूप का एक कोना
जब उसका रंग गुलाबी हो,
सीधे मेरे घर आती हो।
छन-छनकर फरवरी बिखरे
बच्चों का ज्यों हंसना-रोना।

(मार्च)

ये मौसम है जलते जंगल का
जब पलाश आग लगाता है
सुर्ख लाल फूलों से
होली की मांग सजाता है।
मार्च, तुम्हारे गालों पर भी
आओ, टेसू के रंग मल दूं मैं।

(अप्रैल)

गुलमोहर की छांव-सा है अप्रैल,
थोड़ा नर्म भी, थोड़ा गर्म भी।
अमलतास-सी फितरत उसकी,
रंग सुनहरा,
पर छुओ तो
पत्तों के संग झड़ जाएगा।

(मई)

कहां से आई है ये गर्मी,
मई तुम किससे जलती हो?
लाई कहां से आग सीने की
क्यों अंगारों पर चलती हो?


(जून)

जून, तुम्हारी करूं शिकायत?
बरखा को वापस भेज दिया है
सूरज का पकड़ा है दामन,
दुनिया को बेहाल किया है।

(जुलाई)

कानों में घूंघरू बजते हैं
जब बरखा थिरककर आती है
जुलाई संग यहीं ठहरना,
बदरा बिदेसी।

(अगस्त)

झूम-झूमकर आई बरखा,
अगस्त की कलाई पर बांधी राखी,
एक वादा भी लिया बादलों से,
कि कहीं पर कोई सितम ना ढाएं।
वादे? वादे तो तोड़ने के लिए होते हैं।

(सितंबर)

आता है चुपचाप सितंबर,
नहीं किसी से कुछ है कहता।
कभी बना बादल का संगी,
धूप के साथ कभी है रहता।

(अक्टूबर)

खिड़की पर झूलते आम के पत्ते
कैसे सर-सर बतियाते हैं।
अक्टूबर,
मैंने ऐसे तो तुम्हें जादू करते पहले नहीं देखा।

(नवंबर)

आया है खुशनुमा नवंबर,
बक्सों से निकले हैं स्वेटर।
चौपालों पर भीड़ जमी है,
धूप की हमको लत लगनी है।

(दिसंबर)

कहां से आई है ये पछुआ
हाड़ कंपाती लाई सर्दी,
गुज़रा देखो वहां दिसंबर
यादों से झोली फिर भर दी।

हुआ खत्म ये बारहमासा,
साल नया फिर से आएगा।
रंग बदले फिर से धरती,
पहिया ये चलता जाएगा...

मंगलवार, 12 अक्टूबर 2010

अक्टूबर का जादू

खिड़की पर झूलते आम के पत्ते
कैसे सर-सर बतियाते हैं,
अक्टूबर,
मैंने ऐसे तो तुम्हें जादू करते पहले नहीं देखा!

सोमवार, 11 अक्टूबर 2010

जिनकी कविताओं, नज़्मों, गीतों से यादें गुलज़ार हैं


किताबों की अलमारी संभालने-सहेजने के क्रम में एक किताब हाथ में आई है। खोलकर देखती हूं। मेरी ही लिखावट में मेरा नाम लिखा है। अपने जन्मदिन पर कई सालों से खुद को एक किताब तोहफे में देती हूं मैं। ये किताब मैंने 1996 में खरीदी थी, अपने अठारहवें जन्मदिन पर। "पुखराज" - गुलज़ार की नज़्मों का संग्रह मैंने खरीदा तो होगा, लेकिन सोचती हूं तब उन लफ्ज़ों की क्या समझ होगी मुझमें। लेकिन ये भी याद है कि कई-कई बार कई नज़्में पढ़ीं, फोन पर अपनी दोस्त मीनू को सुनाया भी, और अकेले बैठकर खूब रोई भी।

गुलज़ार के साथ हंसने-रोने का पुराना नाता है मेरा। ठीक-ठीक याद नहीं कि पहली बार कब और कहां उनकी कविताओं की पहचान या पसंद या समझ पैदा हुई। लेकिन कुछ ऐसे गीत हैं जिनके साथ कई यादों के टुकड़े अब भी ज़ेहन में लौट-लौटकर आते हैं। याद है कि अभी स्कूल में ही थी। जेठ की चिलचिलाती धूप में कहीं से लौटकर मैं मीनू के यहां आई थी दोपहर को। उसके म्यूज़िक सिस्टम पर "छोटी-सी कहानी से, बारिशों के पानी से (फिल्म - इजाज़त)" बज रहा था। उसके घर के ठंडे फर्श का अहसास, खिड़कियों पर गिरे हुए हरे पर्दे और कमरे में गूंजती आशा भोंसले की आवाज़ मेरे लिए बिन मौसम बरसात ले आई थी।

ये भी याद है कि सातवीं या आठवीं में ही थी जब अपनी सहेलियों के सामने बड़े गुरूर से पूछा था - "हमको मन की शक्ति देना गीत किसने लिखा है, मालूम है किसी को?" कोई नहीं जानता था, मुझे छोड़कर।

ये भी याद है कि चाचा की शादी 1990 में तय हुई तो उनके लिए गुलज़ार का ही गीत गाना चाहती थी - "एक बात सुनी है चाचाजी बतलानेवाली है"। डर के मारे सुनाया नहीं, ये बात अलग है।

कई बार अंत्याक्षरी में खुद से वायदा करती कि अगले पांच गाने सिर्फ गुलज़ार के गाऊंगी, एक तरह से खुद को चैलेंज भी करती - देखूं उनके कितने गीत याद हैं। "म" से मेरे लिए "मैंने तेरे लिए ही सात रंग के सपने चुने" पहला गाना होता। ये भी याद है कि तब पूरे-पूरे कैसेट खरीदने के पैसे नहीं होते थे। सो, हम विविध भारती, चित्रहार और रंगोली से सुनकर गीतों की लिस्ट बनाया करते और रांची के मखीजा टावर की एक दुकान से कैसेट रिकॉर्ड कराया करते। बीस रुपये में एक कैसेट! गुलज़ार के कई गीतों का कलेक्शन था हमारे पास, पंद्रह-सोलह साल की उम्र में ही। "हवाओं पे लिख दो हवाओं के नाम (दो दूना चार)", "दिन जा रहे हैं (दूसरी सीता)", "मुझे जां ना कहो मेरी जां (अनुभव)", "घर जाएगी तर जाएगी (खुशबू)", "धन्नो की आंखों में (किताब)", "सारे नियम तोड़ दो" (खूबसूरत) जैसे कई गीत हमने पहले सुने, फिल्म के बारे में बाद में जाना।

इंटरनेट तब नहीं था, ना हमारे घर-परिवार में कोई गुलज़ार का या ऑफबीट फिल्मों का फैन था। बल्कि हम तो वीसीआर पर "तोहफा", "ज़लज़ला", "कमांडो" जैसी मिथुन दा और जीतेन्द्र की फिल्में देखकर पले-बढ़े। लेकिन आज तक समझ नहीं पाई कि गुलज़ार के गाने हमतक कई बार फिल्म रिलीज़ होने के पहले कैसे पहुंच जाते थे। याद नहीं कि "मम्मो", "ग़ुलामी", "लेकिन", "दायरा", "जहां तुम ले चलो", "लिबास", "माया मेमसाब" जैसे फिल्मों के गीत कहां से और कब पहले वॉकमैन और फिर गाड़ी के टेप रिकॉर्डर पर बजे। हां, मेरा भाई ज़रूर मेरा partner-in-crime रहा। हम चुन-चुनकर नए-पुराने गाने लाते और सुनते-सुनाते।

मैं पहली बार रांची से छुट्टियां बिताकर दिल्ली कॉलेज हॉस्टल आ रही थी तो हमने "माचिस" का एक कैसेट लिया था और एक रिकॉर्ड करवाया था ताकि मैं एक कैसेट दिल्ली लेकर आ सकूं। "छोड़ आए हम वो गलियां" और "भेज कहार पिया जी बुला लो" सुनकर मुझपर पूरे रास्ते क्या असर रहा था, ये मैं आज भी शब्दों में बयां नहीं कर सकती।

ये भी याद है कि भाई को मैंने बड़ा हैरान होकर बताया था, "संजय दत्त वाली खूबसूरत का गाना गुलज़ार का है, मालूम है?" ये भी याद है कि कई दिनों तक छुप-छुपकर "आस्था" के गीत सुने थे। इस फिल्म की खूब चर्चा हो रही थी अख़बारों में और हम नहीं चाहते थे कि घर के बड़ों को पता चले कि इस फिल्म के बारे में भी ना सिर्फ हम जानते हैं, बल्कि गाने भी खूब सुनते हैं! "तुम्हीं से जन्मूं तो शायद मुझे पनाह मिले" का मतलब आज सालों बाद थोड़ा-थोड़ा समझ में आया है। ये भी याद है कि थर्ड इयर कॉलेज में हम "दिल से" के गाने खूब सुनते थे। सब "छय्या छय्या" पर नाचते और मैं "उंस" और "गुलबोश" जैसे शब्दों के मतलब तलाशती।

रूमानी हुई तो "सनसेट प्वाइंट" सुना, मस्ती में "गोली मार भेजे में" सुना, बारिश में "फिर से अइयो बदरा बिदेसी" सुना तो बच्चों के साथ "लकड़ी की काठी" सुना। लेकिन सिरहाने सपने तब भी जलाती थी, अब भी जलाती हूं। सीली हवा अब भी छूती है, सुरमई शाम अब भी आती है, वक्त अब भी जाता सुनाई देता है और खुशबू भी नज़र से छूती है। सोती हुई आंखों कैसे उड़ती हैं और आवाज़ की इक बूंद कैसे मिलती है, ये गुलज़ार के गीत सुन-सुनकर ही समझी हूं। दिल को पड़ोसी बनाना और चांद को गीतों में परोसना भी उन्हीं के नज़्मों से सीखा है। ये बात और है कि आज जब ब्रॉडबैंड भी है और ढेरों सीडी खरीदने के पैसे भी तो अब लफ्ज़ों की ये सारी हरकतें उस शिद्दत से महसूस नहीं करती।

लेकिन बच्चे जब "लकड़ी की काठी (मासूम)", "आकी चली बाकी चली (नमकीन)" और "पंगा ना ले (मकड़ी)" गाना सुनाने की फरमाइश करते हैं तो लगता है, हरकतें कहीं बाकी हैं। और जब मेरी ढाई साल की बेटी आधी नींद में मुझसे कहा - "चलो मम्मा चांद की मटकी तोड़ते हैं" तो लगा गुलज़ार के गीतों ने मुझे जो बनाया-बिगाड़ा, उसका मुकर्रर खिराज मैंने अदा कर दिया।

तुम दोनों के लिए


इन जागती-सोती आंखों में सपनों की आंखमिचौली है
तेरी आधी नींदिया में जब अपनी नींद टटोली है।

दुनिया जब लगती बेमानी और मन खाली-सा लगता हो,
सन्नाटों की कड़वाहट में तब तुमने मिश्री घोली है।

जब रिश्ते ढ़ीले पड़ते हों और घर में दूरी बढ़ती हो
तब यूं ही रूठे लोगों की तू
एक नई हमजोली है।

ना काफ़िर हूं ना पंडित हूं, ना सज्दे में ही झुकता हूं,
फिर भी आयत-सी क्यों लगती बच्चे तेरी बोली है।


ऐसा नहीं कि सब जानूं, ना ही कोई मैं ज्ञानी हूं
लेकिन तेरे संग प्यारे इल्म की दुनिया खोली है।

रविवार, 10 अक्टूबर 2010

बेटे के जन्मदिन पर अम्मा को ख़त


है कौन-सी ऐसी पगडंडी, जन्नत तक जाती हो अम्मा
जिसपर कम हो थोड़ी फिसलन
और सर पर हो तेरा आंचल
वो कौन-सी ऐसी राहें हैं जो तुझतक आती हो अम्मा।

क्यों कहती हो परवाज़ लो,
क्यों उड़ने को हूं मैं मजबूर
वो कौन-सी ऐसी दुनिया है जो मेरी थाती हो अम्मा।

देखो मेरे छोटे पैर,
कितना थकते और हैं कमज़ोर
फिर दूर देश ही जाने की क्यों बात बताती हो अम्मा।

कहती हो, बड़ा बनोगे तुम
और घर की शान भी होगे तुम।
फिर बड़े हमारे पापा को कितना सताती हो अम्मा।

देखा है छुप-छुपकर तुमको
तुमने जोड़ी हर पाई है।
इतनी छोटी-सी चादर में कैसे काम चलाती हो अम्मा।

उन पनियल आंखों की तो
बोली भी मैं जानता हूं।
लेकिन फिर भी तुम भोली हो, अब बात छुपाती हो अम्मा।