शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2015

मॉर्निंग पेज ४ - बढ़ना कदम-कदम धीरे-धीरे

जैसे ही ब्लॉग खोलकर लिखने बैठी, बिजली चली गई । मॉर्निंग पेज लिखने के लिए तकनीक का सहारा लो तो यही होता है। बात तो ये है कि दिल की भड़ास निकालने के लिए किसी टूल की ज़रूरत नहीं होनी चाहिए । जिस आसानी से कीपैड पर हाथ (और उसके साथ दिमाग) चलता है, उतनी ही आसानी से कलम काग़ज़ पर शब्द उगलें तब तो कोई बात हो ।
बहरहाल, कल का टार्गेट मैंने हासिल कर लिया। एक नई कहानी भी लिखी (जो कल ऑक्सफोर्ड बुक स्टोर में वैलेंटाईन डे के मौके पर पढ़ी जाएगी) और अपना पहला ओप-एड भी लिखकर भेज दिया । वो भी वक़्त पर । वो भी अंग्रेज़ी भी । वो भी दो घंटे के भीतर । 

ओप-एड भेजते ही पहला ई-मेल उस बंदे का आया जिसने मुझसे सीधे बात की थी । स्टिंकर था बिल्कुल । उसने आर्टिकल पढ़ा तक नहीं था और मेरे अगले ओप-एड के आईडिया को पूरी तरह शूट डाउन कर दिया था । रात के साढ़े दस बजे ये ईमेल पढ़ते ही मुझे लगा कि दिन का पूरा ज़ायका बिगड़ गया है । लेकिन मैंने उसे तभी जवाब देने की ज़रूरत नहीं समझी । कभी-कभी रिएक्टिव न होना भी अच्छा होता है । बल्कि हमेशा अच्छा होता है ।

सुबह उठी हूं तो उसकी बॉस का ईमेल देखा । उसे आईडिया भी पसंद आए और पहला ओप-एड भी । वो आज ही उसे पब्लिश करना चाहती है । ये मेरे लिए बड़ा सबक है । कई बार निजी और प्रोफेशनल ज़िन्दगियों में हम छोटी-छोटी बातों पर तुरंत प्रतिक्रिया दे बैठते हैं । फिर अपने मन की कोई बात पूरी न हो तो उसके ख़िलाफ़ फिर और रिएक्ट करते हैं । बात बनने की बजाए बिगड़ती चली जाती है, और फिर इस कदर बिगड़ जाती है कि हमें भीतर से तिक्त और नेगेटिव बनाती है ।

मुश्किल है, लेकिन अगर थोड़ी-सी कोशिश की जाए तो इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना हमारे वजूद का हिस्सा बन जाता है । मैं अभी भी सोच रही हूं कि कल रात एक ईमेल के जवाब में मैंने अपना सारा गुस्सा उसी तरह निकाल कर भेज दिया होता, और लिख दिया होता कि मेरी ज़िन्दगी तुम्हारी बकवास और तुम्हारे ज्ञान, दोनों के बग़ैर अच्छी चल रही है तो क्या होता?

ख़ैर, ये एक छोटी-सी जीत है ।

मुझे चार दिनों में ही मॉर्निंग पेज लिखने का फ़ायदा दिखाई देने लगा है । मैं पहले घंटों स्क्रीन की ओर ताका करती थी । फिर कुछ नहीं सूझता था तो यहां-वहां इंटरनेट पर भटकती रहती थी । दिन भर बैठे रहने के बाद भी काम न के बराबर होता था ।
अब मैं बैठती कम हूं । जितनी देर बैठती हूं उसके हिसाब से वैसी प्रॉडक्टिव नहीं हूं जितनी हो सकती हूं लेकिन हर रोज़ प्रॉडक्टिविटी इन्डेक्स ऊपर जा रहा है । मुझे उम्मीद है कि मैं 'मम्मा की डायरी' इस महीने के अंत तक अपने पब्लिशर को सौंप पाऊंगी, और फिर ख़ुद को पूरी तरह किताब से डिटैच भी कर लूंगी । मुझे इस बात की भी यकीन होने लगा है अब कि मेरे लैपटॉप के अलग-अलग फोल्डरों में रखे हुए कई सारे अधूरे काम पूरे हो सकेंगे ।

फेसबुक पर लाडली अवॉर्ड्स की तस्वीरें देखकर बहुत सारे लोग मुझे इन्बॉक्स कर रहे हैं । यहां तक कि कई सारे दोस्तों ने मुझे फोन भी किया । मैं हंस देती हूं और कहती हूं कि फेसबुक पर जो दिखता है वो एक दहाई सच है । इन मुस्कुराती तस्वीरों का लम्हा आधे घंटे का भी नहीं होता । उसकी पृष्ठभूमि में जो चल रहा होता है, वो chaos और पागलपन बड़ा सच है । किसी भी किस्म की उपलब्धि की उम्र उसके पीछे (और उसके आगे) जी जा रही ज़िन्दगी का बहुत छोटा सा हिस्सा होती है। सेलीब्रेशन अस्थायी होता है, क्षणभंगुर । सफ़र और हर रोज़ का संघर्ष स्थायी है । हम इससे नहीं बनते कि हमारे नाम छोटी-बड़ी उपलब्धियां कितनी हैं । हम इससे बनते हैं कि हर रोज़ हम जीते कैसे हैं ।

एक और बात नोटिस कर रही हूं मैं आजकल । मुझे शॉर्ट फॉरमैट में लिखने की इतनी आदत हो गई है कि ठीक साढ़े छह शब्दों के बाद मेरी उंगलियां और मेरा दिमाग, दोनों चलना बंद कर देते हैं । मैं ख़ुद से भी एक कॉन्वर्शेसन लंबे समय तक नहीं खींच सकती ।

मेरी अगली चुनौती लंबे फॉर्मैट में लिख पाने की है ।

साढ़े सात बजने को हैं और दिन बहुत लंबा है । मुझे आदित को लेकर पहले श्रॉफ आई सेंटर, दरियागंज जाना है और उसके बाद वापस उसे स्कूल छोड़ना है ग्रेटर नोएडा । फिर मुझे लौटकर नोएडा आना है और एक फोटो शूट के लिए अपने ड्राइंग रूम को तैयार करना है । मुझसे किसी ने पूछा कि क्या मैं किसी पीआर फर्म का सहारा ले रही हूं? ऐसा क्यों है कि अचानक पब्लिक स्पेस में मैं हर जगह दिखाई दे रही हूं । मैंने हंसकर कहा कि पीआर फर्म को देने लायक पैसे होते तो वो पैसे देकर मैंने अब तक अपनी (बहुत खराब) कविताओं की कम-से-कम दो किताबें छपवा ली होंती । छपास की भूख भी शांत हो जाती और कवि होने की ख़ुशफहमी मिलती, सो अलग । पब्लिक स्पेस में मैं इसलिए हूं क्योंकि कोई भी मीडिया (या मंच) किसी एक म्यूज़ को पकड़ लेता है तो फिर जब तक उसका पूरी तरह दोहन न कर ले, तब तक कोई भी डिस्कवरी सफल नहीं मानी जाती, न उसके रिसोर्स का सही इस्तेमाल होता है । पब्लिक मेमोरी होती है छोटी, और मीडिया (अब सोशल मीडिया भी) यूज़ एंड थ्रो पर चलता है । स्टोरी निकालो, छापो, दिखाओ और फिर भूल जाओ । मैं मीडिया में रही हूं, इसलिए ये बात अच्छी तरह समझती हूं ।

आप कहां कहां और कैसे छप रहे हैं, आपके बारे में क्या लिखा जा रहा है, वो भी अस्थायी है – मंच पर होनेवाले लम्हे की तरह। जो टिका रहेगा, बचा रहेगा – आपके भीतर का अपना संतोष होगा । आपसे बेहतर आपकी क्षमता और आपके सफ़र के पड़ावों को कोई नहीं जानता । अपना काम ईमानदारी से करना इकलौता संतोष है । उसके साथ आने वाली आलोचनाएं, तीखी बातें, प्रतिक्रियाएं, वाहवाहियां, हैरानियां, सज्दे – सब सकेंडरी, टर्शियरी बाई प्रॉडक्ट हैं । बाई प्रॉडक्ट की उम्र बहुत छोटी होती है । उसको लेकर भी एकभाव बने रहना चाहिए -  equanimous ।


(और इस तरह मैंने साढ़े छह सौ शब्दों की सीमा पार कर ली J)  

गुरुवार, 12 फ़रवरी 2015

मॉर्निंग पेज ३ - बूंदों में नहीं, गहरे समंदर में

१४ फरवरी की दोपहर भरी भीड़ के सामने इश्क-मोहब्बत पर कुछ पढ़ना है, और मेरे हाथ-पैर अभी से ठंडे हो रहे हैं। मैं ख़ुद को लव पोएट या राईटर मानती ही नहीं। मुझसे प्यार की बातें नहीं लिखी जातीं (यूं तो आजकल कुछ भी नहीं लिखा जाता, लेकिन ख़ैर...)।

सोचा कि पुराने पन्नों से कुछ निकाल लूं और वही पढ़ डालूं। कमाल की बात है कि अपना ही लिखा हुआ एक साल बाद ही कितना पुराना, कितना बचकाना लगने लगता है। आपको अपने ही काम में कई सारी ग़लतियां दिखाई देने लगती हैं। लगता है कि इसे बेहतर, और बेहतर किया जा सकता है। हम अपने ही सबसे बड़े आलोचक बन जाया करते हैं।

अपने भीतर बैठा ये आलोचक कमाल का होता है। सबसे बड़ा मेन्टल ब्लॉक यही पैदा करता है। हम ये नहीं लिख सकते। हम अच्छा नहीं लिख सकते। इसको और बेहतर किया जा सकता था। इसमें नया क्या है? इसमें पुराना भी तो कुछ नहीं। भीतर बैठा आलोचक लगातार शोर मचाता रहता है।

यही वजह है कि हम लिखते-लिखते रह जाते हैं, और शोर के बदले ख़ामोशी चुन लेते हैं। बाहर तो इतना शोर है ही। अब अंदर के शोर को भी झेलना पड़े तो फिर हम बिना लिखा-पढ़ी किए ही ठीक हैं भैय्या। ये एक और मुसीबत कौन झेलेगा?

लेकिन लिखना एक किस्म का नशा होता है। लिखने से ज़्यादा उसपर मिलनेवाली प्रतिक्रियाओं की उम्मीद हैंगओवर बनाए रखती हैं। इसलिए लिखने के इस एडिक्शन से हम कभी निकल ही नहीं पाते। इसलिए शोर के बीच शब्द चुनने की आदत बन जाती है।

मसला ये है कि चुने गए शब्द और ख़्यालों में नयापन कैसे बचाए रखा जाए? मुझे तो लगता है कि दुनिया में कोई ऐसी बात है नहीं जो पहले कही न गई हो। कोई ऐसा आईडिया भी नहीं है जिसपर पहले काम न किया गया हो। फिर हम क्या अलग कर रहे हैं? जब हर घंटे कहानियां रची जा रही हैं, शब्द रिकॉर्ड किए जा रहे हैं, बातें हो ही रही हैं, तो फिर हमारे कहने का फ़ायदा?

जैसे हर इंसान एक-दूसरे से अलग होता है वैसे ही हर इंसान की आवाज़ और कहने का तरीका भी एक-दूसरे से अलग होता है। हम बेशक जीते वही हैं जो हमसे पहले और हमारे साथ की नस्लें जी रही हैं - लेकिन हमारे भीतर की ख़ुशी, शोक, संताप - ये सब निजी हैं। हर इंसान के लिए ख़ास। चांद-सूरज वही हैं लेकिन अलग-अलग नज़रों से देखे जा रहे हैं, इसलिए सबकीे एक्सप्रेशन का तरीका अलग-अलग होगा, ख़ास होगा। ये और बात है कि हर नज़र का सौंदर्यबोध और फिर हर नज़र से होकर उतरने वाली लम्हों की परछाईयां भी अलग होंगी, उनका असर भी अलग होगा।

मैं अक्सर सोचती हूं कि क्या सबको लिखना आ सकता है? क्या लिखना संगीत की तरह है? या फिर ललित कला के अन्य माध्यमों की तरह? क्या लिखने में रियाज़ की ज़रूरत नहीं पड़ती?

दुनिया में दो किस्मों के लोग होते हैं - पहली किस्म नैसर्गिक रूप से हुनरमंद लोगों की होती है। इनमें प्रतिभा पैदाईशी होती है, और एक न एक दिन ये पैदाईशी प्रतिभा तमाम पर्दों के पीछे से भी चमकती हुई दिखाई दे ही जाती है। दूसरे किस्म के वो लोग होते हैं जो शायद हुनरमंद नहीं होते लेकिन स्किल्ड होते हैं। वे लगातार अपनी मेहनत से, अपने जज्बे से, अपनी लगातार कोशिशों से अपने स्किल पर काम करते रहते हैं और उसे निखारते रहते हैं।

आप किस कैटगरी में आते हैं, ये ईमानदारी से समझना बहुत ज़रूरी होता है। (यूं तो आप न भी समझें, और इस बारे में कुछ न भी करें तो दुनिया को इससे कोई बहुत ज़्यादा फ़र्क़ पड़ने वाला है नहीं। इस दुनिया में बहुत अच्छे और बहुत बड़े करोड़ों सुखनवर आते हैं, और एक दिन चले जाते हैं)। लेकिन ये समझना बहुत ज़रूरी है कि आपकी ख़ुशी और आपका संतोष कहां टिकता है। वो कौन सा काम है जो आपको सही मायने में ख़ुशी देता है? वो कौन सी पहचान है जिसपर आपको वाकई फख़्र है?

मैं ये अच्छी तरह जानती हूं कि मैं लिखने की (या ख़ुद को अभिव्यक्त करने की) नैसर्गिक प्रतिभा के साथ पैदा नहीं हुई। मुझसे बेहतर कई और लोग हैं जो लिखें, इसकी वाकई दुनिया को ज़रूरत है। उनका शब्द-चयन बेहतर है। उनके पास विचारों की कमी नहीं। वे अधिकारपूर्ण तरीके से अपनी बात कह सकते हैं और निष्कर्ष देने का भी हक़ रखते हैं। लेकिन ये उनकी अभिव्यक्ति का तरीका है। मैं किस तरह और कितने लंबे समय तक अपनी बातों के सिरे ढूंढने की, उनमें नए ख़्यालों की गिरहें लगाने की कोशिश करती रहती हूं - ये मेरे लिए ज़्यादा अहम है। मुझसे हुनरमंद कई और हैं, इसलिए मुझे कोशिश ही नहीं करनी चाहिए - यही बात दुनिया के हर कलाकार ने कही होती तो हमारे पास कविताओं, कहानियों, नाटकों, फिल्मों, रंगों, शब्दों का भंडार न होता। सोशल मीडिया की ज़रूरत किसी को न पड़ती। हम एक-दूसरे से अपनी बातें कहने और उन्हें सुनने के प्यासे न होते।

ये ज़रूर लगता है अक्सर कि मैं गहरे उतरने से डरती हूं क्योंकि तैरना नहीं आता। इसलिए भी डरती हूं क्योंकि लगता है, डूबने पर मोती मिले न मिले, ज़हरीले सांप और बिच्छू ज़रूर मिलेंगे पानी के भीतर। इसलिए कई-कई महीनों तक पढ़ना छोड़ देती हूं। लिखना बंद कर देती हूं। मैदान छोड़ देना कितना आसान काम है, नहीं?

लेकिन फिर अंदर से कोई कोसता है। किस बात का डर है? अपनी मिडियॉक्रिटी का? किस बात का डर है? और सीखने से डरने का? किस बात का डर है? कि लोग हंसेंगे और कहेंगे कि इसे तो आता भी नहीं कुछ और चली है बड़ी तीसमार खां बनने। किस बात का डर है? कि भीतर और उतरूंगी कि बाहर से कटने लगूंगी?

ऐसे ही डर पाले रहते हैं हम। इन्हीं डरों के साथ जीते हैं, इसलिए सबसे पहले और सबसे आसानी से अपने सच से मुंह मोड़ लेते हैं। ये जो मॉर्निंग पेज है न, उसी डर की आंखों में आंखें डालकर देखने का ज़रिया है। मैं अगले एक महीने में कहां हूं - ये इन्हीं मॉर्निंग पन्नों से, इसी ब्लॉग से पता चल जाएगा। लेकिन फिलहाल तो अगले एक महीने ख़ुद के डर को बाहर निकालकर धीरे-धीरे पानी में घुसने की कोशिश करने जा रही हूं।

जिस दिन ज़िन्दगी के जहाज़ से छलांग लगाकर गहरे समंदर में डुबकी लेने के लिए तैयार हो जाऊंगी, यहीं इसी जगह ये बात रेकॉर्ड भी करूंगी। आज तो एक कहानी लिखनी है, और अपना पहला कॉलम - वो भी अंग्रेज़ी में। वो भी एक इंटरनेशनल वेबसाईट के लिए। देखें कहां तक और कैसे पहुंचते हैं। फिलहाल कल सुबह तक के लिए विदा।

बुधवार, 11 फ़रवरी 2015

मॉर्निंग पेज २ - आप के आ जाने से

दिल्ली इतिहासकारों की प्रिय नगरी रही है। समाजशास्त्रियों, राजनीतिविज्ञों और चुनाव विशेषज्ञों की भी। लेकिन दिल्ली ने सात फरवरी को कुछ ऐसा किया कि दिल्लीवालों को एक बार फिर इस शहर पर प्यार आ गया होगा। आप की सरकार की सबको उम्मीद थी, इस तरह सत्ताधारी पार्टियों को, दिग्गजों को ये शहर बेआबरू करके अपने कूचे से निकालेगा, ये किसी ने न सोचा होगा। किसी एक्ज़िट पोल ने आप को पैंतालीस से ऊपर की सीटें देने की हिम्मत नहीं की थी। या तो विश्लेषण करने वाले डरते हैं या ये जम्हूरियत कमाल की है कि ख़ामोश रहती है लेकिन मन ही मन दृढ़ निश्चय कुछ और करती है।

लेकिन दिल्लीवालों ने सच में लोकतंत्र पर भरोसा कायम कर दिया है। अचानक लग रहा है कि सत्ता पलटने की ताक़त वाकई वोटरों के हाथ में होती है और इस ताक़त को रसूख और पैसे से न तौला जा सकता है न खरीदा जा सकता है।

जब शहर नया इतिहास रच रहा था तो मैं कल कहां थी? साढ़े नौ बजे की मेट्रो ली थी मैंने, करोलबाग के लिए, ताकि डॉ नीरू कुमार से ग्यारह बजे का जो अप्वाइंटमेंट था - उसको निभा सकूं। एक अजीब किस्म का उल्लास था रिक्शा लेते हुए। एक तो फरवरी मेहरबान है, इसलिए मन (और दिमाग, दोनों) खुलने लगे हैं। जाड़े को विदाई देते हुए मुझे उतनी ही खुशी मिलती है जितनी बच्चों की बीमारी में उनकी देखभाल के बाद उनकी सुधरती हुई सेहत को देखकर होती है। लगता है, दुख और संताप के दिन बीते तो हंसने-खेलने के दिन आएंगे। फरवरी मेरे साथ यही करता है, निचिरिन दाईशोनिन के लिखे गोशो पैसेज - Winter always turns into spring - पर मेरे भरोसे को और अटल, अकाट्य बनाता है।

ख़ैर, जाड़ा बसंत में तब्दील हो रहा है और यही उम्मीद दिल्ली के लिए भी हो रही थी कल। मेरे पास स्मार्टफोन नहीं है, इसलिए मैं रिज़ल्ट की पल-पल की ख़बर पर नज़र नहीं रख पा रही थी। लेकिन मेट्रो में इसकी ज़रूरत ही किसको थी? मैंने लेडीज़ कूपे की आख़िरी सीट पकड़ ली। उससे आपका एक पैर लेडिजो के बीच होने की सुरक्षा में आपको रखता है तो कान जो है, वो जनरल डिब्बे की मज़ेदार बातों और हरकतों को रिकॉर्ड करते रहते हैं।

आप की जीत ने मेट्रो में चल रहे आधे डिब्बे को आप के वॉल्न्टियर में बदल दिया था। मैंने कम से कम सात लोगों से सुना कि वे फलां-फलां जगह से आप के वॉलन्टियर हैं, और अब जब नतीजे आ गए हैं तो पटेल नगर जा रहे हैं - वहीं, जहां फ्लैश डांस करते हुए बाकी के युवा वॉलन्टियर टीवी स्क्रीनों पर छाए हुए हैं।

बड़ा बदलाव और विकास क्या होता है, कौन जानता है? ये 'विकास' असल में होगा कब, ये भी कौन जानता है? बदलाव के चेहरे पर क्या फ्लाईओवरों की झुर्रियां होती हैं? या मेट्रो लाइनों की कटी-फटी लकीरें? कौन जानता है कि कांग्रेस जो बदलाव लाती रही है इतने साल, और बीजेपी जिस विकास के होने का दावा करती रही है उससे आप का बदलाव और विकास अलग होगा?

लेकिन ये देखिए कि अगर किसी पार्टी के कार्यकर्ता कॉलेज जाने वाले लड़के-लड़कियां हों, दफ़्तरों में अपनी पहली या दूसरी नौकरी कर रहे तीस-पैंतीस साल के युवा हों और जो जीत का जश्न मनाने मेट्रो से जा रहे हों तो कुछ तो बदला ही होगा न? वरना हम पूरी उम्र एसयूवी में घूमते पार्टी कार्यकर्ताओं को देखते रहे हैं। यही देखा है कि विधायक जी और वोटर का रिश्ता पोलिंग बूथ से निकलते ही ख़त्म हो जाता है। जो मुट्ठीभर लोग विधायक जी के आंगन और दरबार तक पहुंच पाते हैं, सिफ़ारिशी चिट्ठियों और फोन कॉल्स के ज़रिए पहुंचते हैं।

मैं उम्मीद की पैरोकार हूं। दिनभर उम्मीद के टुकड़े ढूंढती हूं। यहां-वहां भटकती रहती हूं कि रिश्तों में, परिवारों में, सड़कों पर, अख़बारों में उम्मीद ढूंढ सकूं और उसे बचाकर रख सकूं। दिल जहां डूबने की गुस्ताख़ी करने लगता है, उसे बचाने की कोशिश में किताबों में डुबकियां मारती हूं, उन लोगों से मिलती हूं जो दिल के डॉक्टर है, हैप्पीनेस के डॉक्टर हैं और ज़िन्दगी के तमाम संघर्षों के बाद भी अपने चेहरे पर मुस्कान बचाए रखते हैं।

मेरे जैसे घनघोर उम्मीदवादियों के लिए आप की सरकार लोकतंत्र की उम्मीद है। जिस तरह दिल्ली ने वोट दिया उससे साबित हो गया कि लोकतंत्र में कोई किला अभेद्य नहीं होता, और कोई इन्विन्सिबल नहीं होता। सत्ता की बदगुमानी में डूबते-डूबते सत्ताधारी भूलने लगते हैं कि पांच साल का वक़्त बहुत ज़्यादा नहीं होता। कुर्सी भले उनके नीचे हो, उस कुर्सी के पाए में बंधी रस्सी कहीं और है। अहंकार और ओवर कॉन्फिडेंस ले डूबता है।

मुझे नहीं मालूम बीजेपी के दफ़्तर में क्विंटल के भाव से मंगाई गई हरी-सफेद-केसरिया बर्फियों का क्या हुआ, लेकिन इस बार अपने-अपने चूल्हों पर गाजर का हलवा तो चढ़ाना बनता है। पांच साल में कितने झटके लगेंगे और कितनी वाहवाहियां मिलेंगी, उसके लिए ख़ुद को तैयार तो कर लिया जाए। और जब तैयारी करनी ही है तो मुंह मीठा करके, कैलोरी जमा करके की जाए। ये तो तय मानिए कि दिल्ली में अगले पांच साल बहुत ही हैपनिंग होने वाले हैं।

ऐसा नहीं कि घनघोर उम्मीदवादी कभी दिमाग से नहीं सोचता। इसलिए, मुझे साहिर लुधियानवी की एक नज़्म याद आ रही है। पूरी नज़्म याद नहीं इसलिए गूगल करके कॉपी पेस्ट कर रही हूं। लेकिन अभी के हालात के लिए इससे माकूल और कुछ न हो शायद।

ये शाख-ए-नूर जिसे ज़ुल्मतों में सींचा है
अगर फली को शरारों के फूल लाएगी
न फल सकी तो नई फ़स्ल-ए-गुल के आने तक
ज़मीर-ए-अर्ज़ में एक ज़हर छोड़ जाएगी
 

मंगलवार, 10 फ़रवरी 2015

मॉर्निंग पेज १ - क्योंकि बहना ज़रूरी है

जुलिया कैमरॉन की किताब 'द आर्टिस्ट्स वे' मैंने अपने मुश्किल दिनों में पढ़ी थी। वैसे मुश्किल दिनों की एक ख़ासियत होती है। चूंकि उनका वास्ता हमारे मन, हमारी सोच से होता है, इसलिए वे ताउम्र बने रहते हैं। वैसे वो वाले मुश्किल दिन कुछ और तरह से मुश्किल थे। मुझे लगने लगा था कि मुझे न कोई बात कहनी आ रही है, न लिखना आ रहा है।

चारेक साल पहले की बात होती ये। मई-जून की होंठ सुखाती, पसीना चुआती गर्मी में मैं पूर्णिया में थी, और औचक जूलिया कैमरॉन की शरण में चली गई थी। पहली बार किताब के बारे में गोवा की एक राईटर विनीता कोएल्हो ने बताया था। विनीता कई सारी फिल्में, टीवी सीरियल और बच्चों की किताबें लिख चुकने के बाद गोवा के किसी गांव में घर खरीदकर बहुत ही प्यार से अपनी बेटी, कुत्ते, बिल्ली और नया शौक - पेंटिंग - पाल रही थीं। मैं उन दिनों भटकी हुई थी - एक दम कन्फ्यूज्‍ड। दफ़्तर और नौकरी से बेघर। जुड़वां बच्चों को पालते हुए अपनी ज़िन्दगी का पता ढूंढती।

विनीता के घर में, विनीता की ही रसोई में, विनीता की ही ज़िन्दगी की बातें करते, विनीता के हाथों की चाय पीते हुए मैंने अपने लिए सोचा था - अनु सिंह, ये जीना भी कोई जीना है लल्लू? कुछ करो अपना नहीं तो यूं ही ज़िन्दगी ज़ाया होती रहेगी।

पता नहीं कौन सा जीना जीना होता है, लेकिन मैंने दिल्ली पहुंचते ही सबसे पहले जुलिया कैमरॉन की वो किताब खरीद ली थी, इस उम्मीद में कि किताब पढ़कर मैं विनीता की तरह गोवा में घर खरीद सकूं या नहीं, कम से कम उसकी तरह राईटर तो पक्का बन जाऊंगी। ये और बात है कि किताब दो महीने बाद पूर्णिया जाकर निकली -गर्मी छुट्टी में, क्योंकि वहां वक़्त बहुत था, काम बहुत कम थे, और पढ़ने को किताबें न के बराबर थीं। 

किताब में पहले चैप्टर में ही आपसे एक वायदा लिया जाता है, कि आप हर सुबह मॉर्निंग पेज लिखेंगी। आंख खुलते ही पहली चीज़ वही करेंगी आप। और मॉर्निंग पेज एकदम अनसेन्सर्ड होगा। कुछ न लिखा जाए तो चार पन्ने यही लिखें कि कुछ नहीं लिखा जा रहा। लेकिन लिखें ज़रूर। जुलिया इसे मेडिटेटिंग ऑन पेपर कहती हैं।

बड़ी मुश्किल था इन मॉर्निंग पन्नों का लिखना। अव्वल तो सुबह उठते ही कोई काग़ज़ कलम लेकर कैसे बैठ जाए? सौ तो काम होते हैं यहां। मेरी तो आंख खुलती ही तब है जब बच्चों को जगाने का वक़्त हो रहा हो। सारे काम सुबह-सुबह याद आते हैं। दूध नहीं उबाला। यूनिफॉर्म की शर्ट आयरन नहीं हुई है। जूते पॉलिश नहीं किए गए। फोन चार्ज नहीं है। अईय्यो, मुझे तो योग और प्राणायाम भी करना था। ये लो कर लो बात, चाय के बिना दिमाग भी चलता है भला? और सुनो, उठते ही पहले बाथरूम में घुसते हैं कि पहले लैपटॉप (या डायरी-पेन) लेकर बैठ जाते हैं?

एक हफ्ते की कोशिश के बाद मैंने वक़्त से आधे घंटे पहले उठना शुरु कर दिया, ताकि मॉर्निंग पेज का वायदा पूरा कर सकूं। बच्चे बिस्तर से आवाज़ लगाते। दूध उबल कर गिर गया होता। दो-एक दिन तो बस छूटने की नौबत भी आ गई। फिर भी पन्नों पर भड़ास निकालने का सिलसिला कायम रहा। कई बार ये कोशिश जगने से लेकर बच्चों को स्कूल भेजकर आने के बाद तक चलती रहती।

इस कोशिश का नतीजा क्या निकला? मैंने कुछ कहानियां लिखीं। मैंने एक स्क्रिप्ट लिखी -पूरे सौ पन्नों की। मैंने वापस ब्लॉग लिखना शुरु किया और ख़ूब लिखा।

मॉर्निंग पेज मेरे भीतर की सफाई करने का ज़रिया बन गया। मैं जब अनसेन्सर्ड लिखती थी तो पहले ख़ूब सारी शिकायतें लिखती थी। मेरे भीतर की नाराज़गी उतरती थी पन्ने पर। मुझे ज़मीन से, आसमान से, घर से, बाहर से, ख़ुद से, इससे, उससे, सबसे एक हज़ार शिकायतें थीं। मुझे लगता था कि पूरी कायनात मेरे ख़िलाफ़ मेरी बर्बादी की साज़िश रच रही है। मौसम का कोई और मौसम हो जाना भी ख़ुद पर ढाया हुआ ख़ुदा का ज़ुल्म लगता था।

मॉर्निंग पेज लिखते-लिखते मुझे कायनात की कमियों में अपनी कमियां नज़र आने लगी। दिखने लगा कि जो दिखता है, दरअसल वो दिखता इसलिए है क्योंकि हमारी आंखें वहीं देखना चाहती हैं। समझ में आने लगा कि कोई और नहीं (मौसम भी नहीं, मौला भी नहीं) होता हमारे हालातों का ज़िम्मेदार। जो किया-धरा होता है, हमारा ही किया-धरा होता है। लोग हम चुनते हैं, फ़ैसले हम लेते हैं। करते हम वही हैं जो करना चाहते हैं। नहीं करना चाहते तो भी करते हैं, क्योंकि अपनी हरकतों के लिए पचहत्तर जस्टिफिकेशन देने वाले भी हम ही होते हैं। तो फिर किस ख़ुदा को आवाज़ लगाते हैं? किसकी मसीहाई मांगते हैं? जब अच्छे कर्मों के नतीजों का हार अपने गले में लटकाए फिरते हैं दुनिया भर को दिखाने के लिए, तो चुभनेवाले लम्हों के कांटे भी तो अपने ही बोए हुए होते होंगे न?

समझ आ गई तो ऐसा नहीं कि ग़लतियां करना बंद कर दिया मैंने। ग़लतियां रोज़ होती थीं, रोज़ सुधरने का वायदा करती थी पन्ने पर ख़ुद से।

मॉर्निंग पेज का लिखना ख़ुद को कॉफी पिलाने के लिए, अपनी ही बातें सुनने के लिए डेट पर ले जाने जैसा लगने लगा। दिमाग जो कहता, मैं उसे लिखती जाती। यूं कि जैसे अपनी ही सुन रही हूं। और फिर ख़ुद से ख़ुद की बातों का सिलसिला चल पड़ता। दिमाग़ प्रॉबलम्स गिनाता, मॉर्निंग पेज पर मैं उसे सॉल्यूशन दिखाती। दिमाग़ कहता, क्या फ़ायदा? मैं कहती - कोई कोशिश बेकार नहीं जाती। दिमाग़ कहता - किसके लिए? मैं कहती - ख़ुद को बचा लेने से बड़ा ख़ुद के लिए कोई और क्या तोहफ़ा होगा? 

और फिर एक दिन जब सब ठीक लगने लगा तो मॉर्निंग पेज लिखना बंद कर दिया।

हम सारे काम ज़रूरत के हिसाब से ही तो करते हैं। रिश्ते भी अपनी ज़रूरत के हिसाब से बनाते-तोड़ते हैं। ख़ुद से रिश्ता बनाया था क्योंकि उस वक़्त ख़ुद को संभालने की ज़रूरत थी। भीतर की आवाज़ को सहेजना ज़रूरी था। ज़िन्दगी पटरी पर आई (और कुछ दोस्त मिल गए) तो वो ज़रूरत ख़त्म हो गई।

मॉर्निंग पेज की याद इसलिए आई है क्योंकि फिर ज़रूरत महसूस होने लगी है सफाई की। अपनी ही बात सुनना फिर से ज़रूरी हो गया है। दिल लगाकर काम करने को कहते हैं सब। लेकिन दिल कहता क्या है, ये सुनने की फ़ुर्सत किसे होती है?

इस बार मैं पब्लिक प्लैटफॉर्म पर अन्सेन्सर्ड लिखने की ज़ुर्रत कर रही हूं। इस बार सारे मॉर्निंग पेज ब्लॉग पर लिखे जाएंगे। दिल क्या कहता है, ये मैं भी सुनूंगी और मेरे बच्चों के लिए भी दिल की बातें रिकॉर्ड की जाएंगी, लिखी जाएंगी।

लिखना उन सारी बातों और कहानियों को शब्द देने का ज़रिया होता है जिन्हें किसी और तरह शायद कभी कहा नहीं जा सकेगा। कहानियां रचनेवाला अपने किरदारों के ज़रिए कुफ़्र की बातें लिखता है, अनकम्फर्टेबल सवाल पूछता है। अपने शब्दों में अपने सबसे बड़े डर को रचता है। इस लिहाज़ से रचने वाले के पास तो दैवीय ताक़त होती है। जो बात लिखी न जा सके, वो अपने भीतर का सबसे बड़ा झूठ होता है। उसी झूठ से निजात पाकर ही हम अपने सबसे शुद्ध रूप के करीब होते हैं। सच और क्या है सिवाय हिम्मत के? सच और क्या है सिवाय अपने ही सामने आईना रख अपनी ही आंखों में देखकर उलटे-सीधे सवाल पूछने के?

जब तक भीतर से झूठ का मैल निकलेगा नहीं, कुछ और लिखना, ईमानदारी से लिखना मुश्किल होगा। इसलिए मॉर्निंग पेज की शरण में जा रही हूं। जूलिया कैमरॉन, पता नहीं तुम दुनिया के किस कोने में रहती हो। लेकिन सच कहती हो कि क्रिएटिव रिकवरी की प्रक्रिया ताउम्र चलती रहनी चाहिए। बहना ज़रूरी है, नहीं तो ज़िन्दगी की तलछट में काई जमने का ख़तरा बना रहता है।

http://juliacameronlive.com/basic-tools/morning-pages/

गुरुवार, 15 जनवरी 2015

...कि इसके बाद भी दुनिया में कुछ पाना ज़रूरी है!

बीस दिनों में ही मुंबई के मौसम ने मिज़ाज बदल दिया, सर्दी बर्दाश्त करने की ताक़त भी। जब से दिल्ली उतरे, ऐसे कांप रहे हूैं जैसे डाली से बिछड़ी पीली पड़ती हुई कोई एक पत्ती। ठंड नहीं, ठंड का ख़्याल भर ठंडी हवा का थपेड़ा है। दो कंबल और दो बच्चों के बीच में पड़े रहने का सुकून न होता तो उल्टे पांव फिर किसी गर्म-नर्म शहर को लौट जाती।

दोनों बच्चों को छुट्टियों के बहुत पहले ही स्कूल भेजना बंद कर दिया था। हम एक महीने से पूरे-पूरे दिन पता नहीं क्या करते हैं। डोरेमॉन, पोकेमॉन, छोटा भीम, अमिताभ बच्चन, सलमान खान, माई नेम इज़ खान और वरुण धवन के बीच के लम्हे आपस में उलझने, उन झगड़ों को सुलझाने, एक-दूसरे को कहानियां सुनाने और उन कहानियों को तस्वीरों में उतारने में गुज़र गए। 

पिछले एक महीने से दिन भर मैं यही कहती रही हूं ख़ुद से कि मेरे पास इसलिए वक़्त नहीं है क्योंकि दोनों बच्चे घर में हैं, और उनको वक़्त देना मेरी पहली (नैतिक, पारिवारिक और सामाजिक) ज़िम्मेदारी बनती है। काम ठप्प पड़ा है। लिखने-पढ़ने की आदत छूट गई है। 

तो... स्कूल उनका खुल रहा है, और लग मुझे रहा है कि छुट्टियां ख़त्म होने को हैं। सेपरेशन एन्कज़ाइटी मुझे हो रही है।

पिछले कई सालों के बारे में सोचती हूं तो वक़्त फास्ट-फॉवर्ड में आंखों के सामने से गुज़रता-सा लगता है। मैंने पिछले कई सालों में कुछ और नहीं किया, सिर्फ़ ढेर सारे सपने देखने के। ढेर सारा वक़्त बच्चों के साथ गुज़ारने के। और फिर ढेर सारा वक़्त उस गुज़ारे हुए वक़्त के बारे में सोचते रहने के। 

हर दिन यूं गुज़रा जैसे एक बड़ी जंग ख़त्म हुई हो। उस रोज़मर्रा की जंग में कहीं कोई कोताही नहीं बरती जा सकती थी। अभी भी नहीं बरती जा सकती। पता नहीं वो कौन-से लोग होते हैं जो कई दुनियाओं की जंग एक साथ लड़ते हैं? मैं तो एक में ही तबाह-तबाह हुई जा रही हूं। जंग के कई मैदानों को तो दूर से ही सफ़ेद झंडी दिखा दी। एक में ही अस्थि-पंजर हिला हुआ है। बाकी की कमी कई शहरों के बीच के बदले हुए मिज़ाज के हिसाब से ख़ुद को बदलने में पूरी होती रही है। कई शहरों में अपना वजूद होना भी एक ख़ता हो गई जैसे। 

वो कैसे लोग होते होंगे जो बच्चों को बड़ा करते हुए एक-दूसरे से बहुत सारा प्यार भी कर लेते होंगे? नए फ़ितूर भी पालते होंगे? वक़्त से वक़्त भी चुराते होंगे? कहानियों, कविताएं, लम्हे, किस्से लिखते होंगे? वो कैसे लोग होते होंगे जो अपने वजूद का हर चेहरा बचाए रखते होंगे? मेरे एक ही चेहरे पर अब थकन की लकीरें आने लगी हैं। पेशानी है कि सिकुड़ी हुई रहती है। कहीं और चैन नहीं मिलता, सिवाय दो बच्चों के बीच की एक फ़ुट की जगह के। 

मैं उन दोनों को दूर, कहीं दूर किसी पहाड़ी शहर पर ले जाकर ख़ुद वहीं बस जाना चाहती हूं - जहां हम देवदार को अपनी बांहों में भरकर सोचेंगे कि कोलंबस की तरह दुनिया नाप ली, जहां चीड़ के पत्ते गिनना ज़िन्दगी का सबसे ज़रूरी काम होगा, जहां तेंदुओं की मारी हुई बकरियों के पिंजर देखकर हम फूड चेन और डाइवर्सिटी समझने की नाकाम कोशिश करेंगे, जहां धर्म और दर्शन माथे पर लटकता सूरज सिखाएगा, जहां बिंग बैंग थ्योरी समझने के लिए किसी अंधेरी रात के बदन पर बहुत सारे पत्थरों के टुकड़े फेंकने की सहूलियत मिल सकेगी। 

अब हमसे कोई और काम न होगा। कंबल बुला रहा है, और कंबल में लेटे हुए बच्चे भी। अरे दो-चार दिन और भई। फिर वही कुंजे-कफ़स होगा और फिर होगा वही सैय्याद का घर। ज़िन्दगी अपनी बेरहमी से किसे बख़्शती है कि मुझे और मेरे दो बच्चों को बख़्शेगी? 

जो जंग लड़नी है, फिर यहीं लड़नी है, जहां हैं वहीं रहते हुए। बहुत सुकून है कि हूं वहां जहां ज़रूरत रही है, और बेचैनी ये...कि इसके बाद भी दुनिया में कुछ पाना ज़रूरी है।  

   

शुक्रवार, 19 दिसंबर 2014

आओ गिनें कफ़न, चुनें ताबूत

अमरावती डिविज़न में है बुलढाणा, विदर्भ का सबसे पश्चिमी हिस्सा - नाम-शोहरत-दौलत-ख़्वाब बनाती बिगाड़ती मुंबई से कुछ पांच सौ किलोमीटर दूर। अरुणावा सिन्हा की किसी अनूदित कहानी में पढ़ा था कि बुलढ़ाणा में एक झील है जो दरअसल झील नहीं, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा क्रेटर है। एक सैलानी बाबा की दरगाह भी है वहाँ। पीर की दर पर मेरे जैसे फ़ितरती घुमंतुओं की दरकार है या नहीं, मैं नहीं जानती। बुलढ़ाणा शहर को सैलानियों की ज़रूरत ज़रूर है। शहर या तो गन्ने की खेती से चलता है या फिर थोड़ी-बहुत कपास की खेती से। 

मैं जिस मौसम में बुलढ़ाणा गई थी वो मौसम कपास के खेतों से कपास चुनने का था। कांटों में उंगलियां और अपने दामन उलझाए खेतों में सिर झुकाए या तो औरतें कपास चुनती रहती थीं, या फिर बच्चे। 

रोज़ी-रोटी की ज़रूरत इल्म से कहीं ज़्यादा बड़ी होती है। पढ़-लिखकर दुनिया को बदल देने के वालों की जो गिनी-चुनी कहानियां बच्चों तक पहुंचती है, उसमें बहुत उम्मीद नहीं होती। आनेवाले कल के बिकाऊ ख़्वाब तो वो खरीदे जिसके आज का पेट भरा है और एक जो शरीर है वो किसी बाहरी-भीतरी ज़ख़्म या तपिश से थका हुआ न हो। वरना ज़िंन्दगी के रोज़-रोज़ के संघर्ष दो वक्त किसी तरह पेट भरने और सिर पर छत जुटाए रखने से आगे नहीं निकल पाते। वजूद का सवाल बेसिक सर्वाइवल के जवाब से जुड़ा हुआ है। 

फिर मैं, और मेरे जैसे लोगों की टीम खामगाँव में क्या कर रही थी? अपनी-अपनी गर्दनों में कैमरे लटकाए हम किस गरीबी की तस्वीर खींचते? किस डोनर को भेजते? किस इंटरनेशनल फंडिंग एजेंसी को पक्का यकीन दिला पाते कि उनके दिए यूरोज़ (या डॉलर) बच्चों के ख़्वाब खरीद लाएंगे? हम फिर भी उस गाँव में अपने लिए तस्वीरें और केस स्टडिज़ ढूंढते रहे थे। 

एक प्राइमरी स्कूल था वो, जहाँ उस रोज़ का सबक मिला था हमें। शाम होने को थी, लेकिन मग़रीब की ओर बढ़ता सूरज धीरे-धीरे चलता है। रोशनी के जो थोड़े-बहुत टुकड़े खिड़कियों से आने चाहिए थे, उन्हें बंद खिड़कियों ने रोक रखा था। 

खिड़कियां बंद क्यों हैं? मैंने पूछा था। 

दूसरी-तीसरी-चौथी क्लास के बच्चे क्या जवाब दे पाते कि मुझे कोई जवाब मिलता। 

बाहर से शोर बहुत आता है न, इसलिए। 

बाहर का शोर भी दो हिस्सों में बंटा हुआ है, ये समझने में मुझे देर न लगी। मैं जिस स्कूल में खड़ी थी वो एक प्राइमरी स्कूल था और वहां की दीवार से कुछ पचास मीटर दूर जो दो कमरों की इमारत थी वहाँ उर्दू प्राइमरी स्कूल चलता था। तालीम बंटी हुई थी। तालीम का मज़हब और तालीम की ज़ुबानें भी बंटी हुई थीं। ज़ाहिर सी बात है, शोर भी बंटा हुआ था।  

हम दोनों स्कूलों में गए थे। एक स्कूल में बच्चों ने हमें सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला का लिखा'वर दे वीणावादिनी वर दे' सुनाया था, तो दूसरे में अल्लामा इक़बाल का लिखा 'लब पे आती है दुआ बनके' सुनाया था। बच्चे कहां बंटे होते हैं कि बंद खिड़कियां उन्हें बांट पातीं? लेकिन दुआएं बंटी हुई थीं, दुआओं की ज़ुबानें भी बंटी हुई थीं। ऊपरवाला जाने ज़ुबानों की सुनता होगा या आवाज़ों की सुनता होगा! या शायद बहरे हो जाने में ही अक्लमंदी नज़र आई होगी उसको। 

दुआ की ज़ुबानें हिंदी और उर्दू में बंटी हुई थीं। लेकिन आवाज़ें एक-सी थी, बातें एक-सी थीं और सरोकार बिल्कुल एक जैसे थे। बच्चों का नाम चाहे जो भी रहा हो, उन्हें अपने स्कूलों में साफ़ पानी चाहिए थी, किताबें और नोटबुक चाहिए थे और खेलने-कूदने के लिए गेंद, बल्ला, फुटबॉल, रस्सियां और वक़्त चाहिए था। उन्हें हिफ़ाज़त चाहिए थी। स्कूल में बच्चे ज़िन्दगी के उन कड़वी सच्चाईयों से महफ़ूज़ थे जिन्हें जीना उनके वजूद की मजबूरी थी। 

बांटने का काम हम कर करते हैं। कितने सारे बंटवारे हैं - नामों के, उपनामों के, गांवों-कस्बों-गली-मोहल्लों के। मज़हब के, ज़ुबानों के। यहां तक कि मज़हब में भी बंटवारे। हम तो अपने बच्चों को भी बांट देते हैं - तू बड़ा, तू छोटा। तू लड़का, तू लड़की। तू गोरा, तू काला। तू बेवकूफ़, तू ज़हीन। स्कूल में बंटवारे और बड़े। तू मिलिट्री वाला, तू सिविल। तू अमीर, तू गरीब। तू कसाई टोला का, तू बाह्मन टोला का। 

अंतहीन बंटवारे। ज़मीन के बंटवारे, आसमान के बंटवारे। गोलियों के बंटवारे, ख़ून के छींटों के बंटवारे। गुनाह के बंटवारे, यकीन के बंटवारे। 

जिस देश में एक ख़ूनी की मूर्ति चौराहों पर लगाकर उसका जश्न मनाने की बात होने लगे, उस देश को अपने पड़ोसी की गिरेबान में झांकने का हक़ मिलना भी चाहिए? चलो बंटवारों को अंतिम सत्य मान लें, और गोलियां गिनें। ख़ून के क़तरे गिरें। कफ़न गिनें, ताबूत चुनें। गिनते-गिनते जब थक जाएं तो अपने-अपने चौराहों पर लगे मूक महापुरुषों की मूर्तियां गिनें। 

फिर चलो ये भी गिन लें कि अपनी-अपनी गलियों, गांवों, शहरों में कितने बच्चों को कितनी बार बांटा हैं हमने। 

आओ, अपनी-अपनी खिड़कियां बंद कर लें। तुम अरबी-फ़ारसी में पढ़ो मर्सिया और मैं संस्कृत में श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक गुनगुनाती हूं। 

अध्याय दो, श्लोक २७-२८ - 

जातस्य हि ध्रुवो मृत्युर्ध्रुवं जन्म मृतस्य च। 
तस्मादपरिहार्य अर्थे न त्वं शोचितुमर्सि। 

क्योंकि इस मान्यता के अनुसार जन्मे हुए की मृत्यु निश्चित है और मरे हुए का जन्म निश्चित है। इस बिना उपाय वाले विषय में तू शोक करने योग्य नहीं है। 

सुनो कि तुम्हें नसीब होगी जन्नत, और मुझे एक हज़ार चंद्रलोकों का सुख। बच्चों का क्या है? फिर पैदा हो जाएंगे। उन्हें हम फिर से बांट देंगे। 

गुरुवार, 4 दिसंबर 2014

एक इंटेलिजेंट फ़िल्म है 'ज़ेड प्लस'

"फिल्म देखी तुमने?" 

हालाँकि मेरे इस फोन पर नाम फ़्लैश नहीं कर रहा था, लेकिन मैं जानती थी कि आवाज़ किसकी थी और ये दो टूक सवाल मुझसे पूछने का अधिकार कौन सा फ़िल्मकार रखता है। 
अपन की इतनी औकात नहीं अभी कि हैप्पी न्यू ईयर की रिलीज़ से पहले फराह खान फ़ोन करके पूछें, "फिल्म देखी तुमने?" ? ये दीगर बात है कि हैप्पी न्यू ईयर को हम नाचीज़ दर्शकों के बिना भी बॉक्स ऑफ़िस में दो-चार सौ करोड़ तो यूँ ही मिल जाएँगे। लेकिन ज़ेड प्लस जैसी फ़िल्म को हम जैसे दर्शकों की सख़्त ज़रूरत है। इसलिए नहीं कि ज़ेड प्लस किसी एब्स्ट्रैक्ट इंटेलेक्चुअल फ़िल्म की श्रेणी में आती है - वैसी फ़िल्में जो सत्तर और अस्सी के दशक की मेनस्ट्रीम ढिशूम-ढिशूम फ़िल्मों के बीच उतनी ही ख़ामोशी से बन रही थीं जितनी ख़ामोशी से फ़िल्म रिलीज़ हो जाती थी और एनएफडीसी के आर्काइव में जमा कर दी जाती थी। ज़ेड प्लस इंटेलेक्चुअल फ़िल्म बिल्कुल नहीं है। लेकिनज़ेड प्लस इंटेलिजेंट ज़रूर है, एक ऐसा पॉलिटिकल सटायर जिसे पढ़ने की आदत तो है हमें, लेकिन पिक्चर हॉल में देखने की बिल्कुल नहीं है। 
इसलिए कीकर और खेजड़ी के झाड़-झंखाडों से होते हुए कोई एक सड़क जिस रेगिस्तानी कस्बे की ओर का रुख लेती है, वो कस्बा अपनी पूरी ऑथेन्टिसिटी के साथ हमारे समक्ष खुलता है - गड्ढा दर गड्ढा, दुकान दर दुकान, किरदार दर किरदार, बात दर बात, गली दर गली। सुखविंदर सिंह (और किसी नई गायिका) की आवाज़ में कव्वाली को रूह ज़ब्त कर लेना चाहती है, लेकिन रेडियो पर या यूट्यूब पर बार-बार सुना होता तब तो मनोज मुंतशिर नाम के गीतकार के बोल ज़ेहन में ठहरे रहते। इसलिए ज़ेड प्लस का संगीत दर्शकों के लिए उतना ही भर रह जाता है - बैकग्राउंड स्कोर - पार्श्व में चलती हुई धुन जिससे कहानी का वास्ता न के बराबर है। 
किरदारों के इंट्रो के बाद जो कहानी खुलती चली जाती है उसमें कहीं कोई बनावटीपन नहीं है, यहाँ तक कि सरकार गिराने की धमकी देती समता मुखर्जी में भी नहीं। व्यंग्य अपने शुद्ध रूप में बचा रहता है - चाहे वो हिंदी न बोल पाने वाले दक्षिण भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में हो (कुलभूषण खरबंदा) या चैनलों को ख़त भेजने की ख़्वाहिश रखने वाले 'पड़ोसी देश' के टेररिस्ट ग्रुप के मुखिया (संजय मिश्रा) के रूप में। ग़ौर फ़रमाने वाली बात ये है कि 'पीएम' न पीवी नरसिंह राव का कैरिकेचर है न देवेगौड़ा का। बल्कि लॉन्ग शॉट में तो कुलभूषण खरबंदा का किरदार मुझे कई जगह चंद्रशेखर के आस-पास लगा। (और चूँकि डॉ द्विवेदी ने फ़िल्म की शुरुआत में ही डिस्क्लेमर दे दिया है कि ऐसी घटनाएँ डेमोक्रैसी में नहीं घटतीं, इसलिए फ़िल्म को हम सिर्फ़ और सिर्फ़ 'डेमोक्रैसी' का कैरिकेचर मान लेते हैं।) 
परत दर परत जो कहानी खुलती है वो कुछ यूँ है - एक छोटे से कस्बे के पीपल वाले पीर की दरगाह पर पीएम आते हैं, अपनी सरकार बचाने की दुआ माँगने। पीर की दरगाह पर एक दिन का खादिम असलम पंचरवाला है, जो अपने पड़ोसी की शिकायत पीएम से कर बैठता है। पीएम का आला अफ़सर 'पड़ोसी' से तात्पर्य वही लगाता है जो डेमोक्रैसी के आला अफ़सर को अब तक कूटनीति के पाठ के तहत समझाया गया है - पड़ोसी यानी पाकिस्तान। फिर ज़ुबानों और तर्जुमे का कम, डेमोक्रैसी का कुछ ज़्यादा... घालमेल इस तरह का होता है कि पीएम असलम को ज़ेड प्लस सेक्युरिटी दिलवा देते हैं। उसके बाद असलम महज़ एक किरदार है, बाकी का स्वाँग डेमोक्रैसी रचती चली जाती है।   

फ़िल्म में कुछ कमाल के मेटाफ़र हैं - सईदा यानी कश्मीर के लिए दो पड़ोसियों की लड़ाई; असलम का पंचरवाला होना (जो बाद में चुनाव उम्मीदवार के तौर पर दिल्ली से सीमावर्ती राजस्थान तक पहुँचते-पहुँचते पंचर हो जानेवाली योजनाओं के 'पंचर' ठीक करने का दावा करता है; पीपलवाले पीर की दरगाह से गायब पीपल ठीक वैसे ही जैसे लोकतंत्र से 'लोक' गायब होता है; पीएम का दक्षिण भारतीय होना, जो अब तक के लोकतंत्र के सबसे बड़े स्टीरियोटाईप को तोड़ता है।  
फ़िल्म की दूसरी बड़ी ख़ूबी वे कलाकार हैं जिन्हें हमने अभी तक सह-किरदारों के रूप में देखा है। आदिल हुसैन को देखकर सबसे ज़्यादा हैरानी होती है। जिस आदिल को अभी तक द रिलक्टेंट फंडामेन्टलिस्ट, लाइफ ऑफ़ पाई याइंग्लिश विंग्लिश में हमने बहुत शहरी और सोफिस्टिकेटेड भूमिकाओं में देखा है, उस आदिल को असलम की भूमिका के रूप में स्वीकार करते हुए ज़रा भी वक़्त नहीं लगता। असलम असलम लगता है, आदिल नहीं और यहीं आदिल के अभिनय को विश्वसनीय बनाता है। हालाँकि, निजी तौर पर मुझे आदिल के पड़ोसी की भूमिका में मुकेश तिवारी ने बहुत प्रभावित किया। छोटे से कस्बे के एक नाकाम शायर (और नाकाम महबूब) के रूप में मुकेश ने कमाल का अभिनय किया है। और कुलभूषण खरबंदा मेरी याद में शान के शाकाल के रूप में कम, 'डीक्षिट' कहने की अपनी अदा और आईपैड से असलम के लिए संदेश पढ़ते पीएम के रूप में ज़्यादा बचे रहेंगे। 
इस फ़िल्म में जिस एक शख़्स को पर्दे पर देखते ही चेहरे पर हँसी आ जाता है, वो है संजय मिश्रा। ओवर-द-टॉप भूमिकाओं में भी कैसे अपने अभिनय की छाप छोड़ी जाती है, संजय मिश्रा को इसमें महारात हासिल है। हालाँकि जाने क्यों मुझे फँस गया रे ओबामा में संजय का किरदार याद आता रहा। उतनी ही प्रभावशाली भूमिका में पीएम के ओएसडी के रूप में हैं के के रैना। स्टारों और सुपरस्टारों के लिए लिखी और बनाए जानेवाली फ़िल्मों के बीच ऐसे कलाकारों के लिए भूमिकाएं क्यों नहीं लिखी जातीं, ये समझ पाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। पर्दे पर का स्पेस हर स्टार को इतना ही प्यारा होता है कि मुझे नहीं लगता कि वो किरदारों के इक्वल या फ़ेयर डिस्ट्रिब्यूशन में यकीन भी करता होगा। इस लिहाज़ से ज़ेड प्लस को इसलिए पूरे नंबर मिलने चाहिए क्योंकि यहाँ कहानी को तवज्जो दी गई है, कलाकारों को नहीं। कलाकार अपने दम पर कहानी पर अपनी-अपनी छाप छोड़ते हैं। 
हालाँकि फ़िल्म की महिला किरदारों को देखकर अफ़सोस होता है। हो सकता है ये मेरा वहम हो, लेकिन चाहे वो हमीदा हो, सईदा हो या फ़ौज़िया, सब अभिनेत्रियाँ ज़्यादा लगती हैं, किरदार कम। जितनी मेहनत पुरुष किरदारों के डायलॉग सँवारने में गई, उसका दसांश भी महिला किरदारों के डायलॉग को दिया जाता तो शायद जो बनावटीपन उनके किरदारों में दिखाई देता है, उससे बचा जा सकता था। मिसाल के तौर पर, मोना सिंह का शहरी लहज़ा उनसे छूटता नहीं और वहाँ स्थानीयपन को कोई पुट नहीं। ये स्थानीयपन और नहीं तो कम-से-कम पुरुषों की गालीनुमा गालियों में तो बचा रहता है। हालांकि, मुझे लगता रहा कि अगर मुख्य किरदारों के संवादों में रेगिस्तान की थोड़ी सी ख़ुशबू मिलाई जा सकती तो क्या मज़ा आता। उनकी उर्दू और हिंदुस्तानी कहीं-कहीं तो एकदम आर्टिफिशियल लगती है। जो और चीज़ें खलती रहीं वो मीडिया का पोट्रेअल था, जिसमें कहीं कोई ताज़गी नहीं थी। हम इन कैरिकेचरों को इतना देख चुके हैं कि स्क्रीन पर उनका आना बेमानी लगा। फ़िल्म की लंबाई भी खलती रही। एक और चीज़ जो खलती रही वो क्लाइमैक्स का बड़ी ख़ामोशी से आकर ख़त्म हो जाना था। आख़िरी के आधे घंटे फ़िल्म बहुत प्रेडिक्टेबल लगी मुझे - ऐसे कि जैसे एक के बाद घटनाएं ठीक वैसी ही बढ़ती रहीं जैसी हम उम्मीद कर रहे थे।  
मैं वीकेंड में जिस हॉल में फ़िल्म देख रही थी, वहाँ कुल मिलाकर २३ दर्शक थे। उड़ने वाली गाड़ियों और अनरिअलिस्टिक कहानियों के बीच अपने स्टार के लिए सीटियाँ और तालियाँ बजाने की आदत रखने वाली ऑडिएंस को ज़ेड प्लस इसलिए अच्छी नहीं लगेगी क्योंकि इस फ़िल्म में कहीं कोई मसाला नहीं है। अगर आपको सिर्फ़ और सिर्फ़ तंदूरी, पिज्ज़ा और चाइनिज़ खाने की आदत है तो ऑथेन्टिक राजस्थानी कुइज़िन की तरह ये फ़िल्म भी आपकी ज़ुबान पर थोड़ा भारी पड़ सकता है। ये फ़िल्म सटायर है, स्लैपस्टिक कॉमेडी नहीं। इसलिए हँसी फव्वारों में नहीं, फुहारों में आएगी। बाकी, जिस लोकतंत्र को लेकर ही हम इतने तटस्थ हो गए हैं, उस लोकतंत्र पर बने सटायर को लेकर हम क्या पता कभी संवेदनशील होंगे भी या नहीं (पहले आती थी हाल-ए-दिल पे हँसी/अब किसी बात पर नहीं आती)। 
बहरहाल, एक मीडियम के रूप में फ़िल्म की सफलता इस बात में निहित होती है कि उस फ़िल्म ने हमारे वक़्त को कैसे रिकॉर्ड किया है। इस लिहाज़ से ज़ेड प्लस एक महत्वपूर्ण फिल्म है क्योंकि हमारा वक़्त और हमारी पीढ़ियों का सच सिर्फ़ कैंडीफ्लॉस अर्बन डिज़ाईनर सिनेमा ही नहीं है। हमारे वक़्त का सच उन कस्बों का सच भी है जिसे मीडिया रिपोर्ट करती नहीं, जिससे वजूद से हमारा कुछ बनता-बिगड़ता नहीं। और चूँकि फिल्म का लेखक (राम कुमार सिंह) ऐसे ही किसी कस्बे में पला-बढ़ा है, कस्बों में बसे उसी लोकतंत्र और वहाँ की दुनिया के बारे में लिखता-पढ़ता रहता है, इसलिए ज़ेड प्लस जैसी फ़िल्म इससे अधिक ईमानदारी से नहीं लिखी या बनाई जा सकती थी। कोअलिशन पॉलिटिक्स का दौर मुमकिन है टल गया हो, लेकिन ख़त्म नहीं हुआ। मेरा मानना है कि अपनी तमाम खामियों-खूबियों के साथ ज़ेड प्लस सिनेमा के तौर पर उतना ही प्रासंगिक है, जितनी लोकतंत्र के लिए गठबंधन की राजनीति। 
बावजूद इसके मेरे जैसे नाकारा दर्शक हैप्पी न्यू ईयर फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने जाएंगे, और जेड़ प्लस जैसी फ़िल्में तब देखेंगे जब वे या तो डीवीडी पर आ जाएंगी या जब कोई उनसे हक से पूछेगा, "फ़िल्म देखी तुमने?"