मुझे याद नहीं कि वो कौन-सा उदास दिन था कि मैंने ख़ुद को दिलासा देने के लिए एक गीत को लूप पर लगाकर छोड़ दिया था बस। तुतली-तुतली भोर सुनाती उजले-उजले बोल... न जाने कितनी बार रिवाइंड कर-करके सुनती रही थी ये गीत। फिल्म थी शोर, और शोर का दूसरा गीत ज़्यादा मशहूर है - एक प्यार का नग़मा है, मौजों की रवानी है / ज़िन्दगी और कुछ भी नहीं, तेरी मेरी कहानी है।
उस दिन पहली बार मैंने ढूंढकर देखा कि वो कौन-सा गीतकार था, जिसने ज़िन्दगी को बचाए रखने के हौसलों से भरे ये दो गीत लिखे थे। संतोष आनंद। संतोष आनंद का नाम बड़े गीतकारों में नहीं आता, इसलिए विविध भारती पर इस नाम के दो-एक बार सुनने के अलावा कोई और जानकारी थी नहीं इस गीतकार के बारे में। लेकिन गूगल ने संतोष आनंद के नाम कुछ और पसंदीदा गीतों को जोड़ने में मेरी मदद की। 'रोटी,कपड़ा और मकान' की गीत, फिल्म 'प्यासा सावन' का गीत ('मेघा रे, मेघा रे मत परदेस जा रे' और 'तेरा साथ है तो मुझे क्या कमी है')। इसके अलावा फिल्म क्रांति के गीत (ज़िन्दगी की न टूटे लड़ी)... सारे के सारे गीत इश्क के भरोसे और ज़िन्दगी की उम्मीदों से सराबोर। सारे के सारे विविध भारती के भरोसे किसी डूबती हुई दोपहर को बचा लेने वाले गीत।
संतोष आनंद जी से कोई और वास्ता न था - उस तरह का तो बिल्कुल न था जैसे किसी कवि प्रदीप, मजरूह, साहिर, जांनिसार, कै़फ़ी, गुलज़ार, जावेद, आनंद बख्शी या फिर अमित खन्ना, इरशाद, स्वानन्द, नीलेश, प्रसून के साथ होता है। इन गीतकारों की नज़्में और कविताएं मैंने ढूंढ-ढूंढकर पढ़ी हैं। किताबें खरीद-खरीदकर पढ़ी हैं। लेकिन मैंने संतोष आनंद जी की कविताएं नहीं पढ़ी हैं।
पहली बार सोशल मीडिया पर ही ख़बर देखी कि मथुरा में एक दंपत्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। ऐसी ख़बरों से बचकर निकल जाने में ही समझदारी लगती है। अपनी ज़िन्दगी की आपाधापी में ऐसे कई लम्हे आते हैं जब हमें उस धार पर चलने का गुमां होता है जहाँ कट जाने के अलावा कोई और ख़्याल नहीं आता। ज़िन्दगी संघर्षों का नाम है। हर बार एक नई चुनौती - ऐसी कि लगता है अब ज़िन्दगी ख़त्म कर देने में ही आसानियाँ हों।
खुदकुशी की ख़बर पढ़कर आगे बढ़ गई थी।
और फिर अचानकर सोशल मीडिया पर ही कहीं देखा कि ख़ुदकुशी कवि और गीतकार संतोष आनंद के बेटे संकल्प आनंद और उनकी पत्नी ने की, वो भी मानसिक प्रताड़ना से आज़िज आकर।
संतोष आनंद! उस संतोष आनंद के बेटे ने, जिस संतोष आनंद ने ज़िन्दगी पर ज़िन्दगी भर गीत बाँटे - वो भी उम्मीदों के, प्यार के, यकीन के,रूह और वजूद की ताक़त के। जिसने लिखा, जो जीवन से हार मान जाए, उसकी हो जाए छुट्टी... नाक चढ़ाकर कहे ज़िन्दगी तेरी-मेरी हो गई कुट्टी। जिसने खेल-खेल में ज़िन्दगी के सबसे बड़े फ़लसफ़े को बड़ी आसानी से समझा दिया, और लिखा... ज़िन्दगी की न टूटे लड़ी, प्यार कर ले घड़ी दो घड़ी...
मैं नहीं जानती क्यों, लेकिन मैं फूट-फूटकर रोना चाहती हूँ। वो कैसा बदकिस्मत शायर निकला कि जिसने पूरी ज़िन्दगी अपने अल्फ़ाज़ों से उम्मीदें बाँटीं उसके हिस्से ऐसी त्रासदी आई है। वो कैसा बदकिस्मत शायर निकला कि उसी की अपनी संतान ने मौत की ख़ामोश पुकार को इतनी बेरहमी से गले लगाते हुए अपने ही पिता के अमर को गए शब्दों को कई तरजीह नहीं दी। वो कैसा बदकिस्मत शायर निकला कि जिसने ज़िन्दगी के दर्शन को गीतों-कविताओं में हमारे लिए सरल तो कर दिया लेकिन अपनी किस्मत की जटिलताओं से बच न सका।
संकल्प और उसकी इतनी प्यारी बीवी ने अपनी पाँच साल की मासूम बच्ची के साथ मर जाने का इतना बड़ा फ़ैसला क्यों लिया, इसके पीछे के राज़ बहुत गहरे हैं ज़रूर। हो सकता है कि मौत के उस रहस्यमयी कुंए में से नक्कारखाने की तूती की तरह कई और आवाज़े निकलें। लेकिन जो बच्ची बची रह गई और जो पिता बची हुई उम्र की ज़िंदा लाश को अपने कंधे पर ढोने के लिए बचा रह गया उन दोनों में से कोई अब गीत नहीं लिख पाएंगे कभी।
शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2014
बुधवार, 15 अक्टूबर 2014
चाँद से चमक उठोगे एक दिन...
फ़िल्म अंखियों के झरोखे से का ये गीत (एक दिन, तुम बहुत बड़े बनोगे एक दिन) गुनगुनाते हुए सोच रही हूं कि वो एक दिन आता कब है?
जानते हो, वो एक दिन कभी नहीं आता।
वो एक दिन नहीं होता कि जिस दिन तुम्हारा कोई ख़्वाब अचानक पूरा हो जाता है। वो एक दिन कई रातों को जाग-जागकर ज़र्रा-ज़र्रा आबाद करने और ख़ुद को लम्हा-लम्हा बर्बाद करने से होता है।
वो एक दिन नहीं होता कि जिस दिन दुनिया को अचानक दूर उफ़्फक में तुम्हारे नाम का परचम लहराता हुआ दिखता है। वो एक दिन कई प्रकाश वर्षों तक धीमे-धीमे ख़ुद को मुसलसल जलाते-बुझाते रहने से होता है।
वो एक दिन नहीं होता कि जिस दिन तुम्हारी गुल्लक में ख़ुशियों के साथ-साथ सोने की गिन्नियाँ भी खनकने लगें। वो एक दिन अपने आंसुओं से मिट्टी को गीला कर-करके ज़िन्दगी की चाक पर कई बार उसे चढ़ाने, उसके टूट जाने का अफ़सोस बग़ैर मनाए नई मिट्टी को फिर से चढ़ाते रहने की लगातार कोशिशों से आता है। गुल्लक भी वैसे ही बनती है, और मिट्टी भी तभी सोना बनता है - कई सदियों-सी लंबी शामों के अथक इंतज़ार के बाद।
वो एक दिन नहीं होता कि जिस दिन ख़ुशियों की तितलियाँ कांधे पर उछलती-फिरती तुम्हारी मुट्ठियों में आ जाने को बेताब हो जाएँ। वो एक दिन वसंत के रूप में कई-कई सालों तक दिल के खेत में सरसों उगाने की मेहनत के बाद आता है। वरना दिल जब चाहे संग हो जाए, जब चाहे आंसुओं से बह जाए!
वो एक दिन नहीं होता कि जिस दिन तुम्हारी हैप्पी फ़ैमिली की तस्वीरें तुम्हारे घर की दीवारों पर मुस्कुराने लगती हैं। वो एक दिन कई सालों का लम्हा-लम्हा सब्र, क़तरा-क़तरा बलिदान, साँस-साँस भरोसे से आता है। उस दीवार में जुड़नेवाली ईंटें भी कई जन्मों की बचाई हुई उम्मीदों का प्रतिफल होती है।
जानाँ, वो एक दिन नहीं होता कि जिस दिन तुम्हारी किताब छप जाती है। तुम्हारी फ़िल्म बन जाती है। वो एक दिन कई-कई सालों तक भीतर हर लम्हा पकते तजुर्बे से आता है। कई-कई सालों तक जिए हुए किसी रिसते हुए दर्द से आता है। जाने कितने जन्मों तक न कह पाने, न बता पाने, न बाँट पाने की बेचैनी से आता है।
वो एक दिन आएगा फिर भी, एक दिन!

बुधवार, 10 सितंबर 2014
यह फिल्म पुरुषों के लिए भी सबक है
जुड़वां बच्चों की
प्रेगनेंसी मेरे लिए कई लिहाज़ से मुश्किल रही थी। जिस वक्त मैं एक अदद-सी नौकरी छोड़ने का मन बना रही थी, उस वक्त मेरे साथ के लोग
अपने करियर के सबसे अहम पायदानों पर थे। मैं बेडरेस्ट में थी – करीब-करीब हाउस
अरेस्ट में। न्यूज़ चैनल देखना छोड़ चुकी थी क्योंकि टीवी पर आते-जाते जाने-पहचाने
चेहरे देखकर दिल डूबने लगता था। किताबें पढ़ना बंद कर चुकी थी क्योंकि लगता था, अब
क्या फायदा। यहां से आगे का सफ़र सिर्फ बच्चे पालने, उनकी नाक साफ करने और फिर उनके
लिए रोटियां बेलने में जाएगा। गाने सुनती थी तो अब नहीं सोचती थी कि बोल किसने लिखे,
और कैसे लिखे। फिल्में देखती थी तो हैरत से नहीं, तटस्थता से देखती थी। ये स्वीकार
करते हुए संकोच हो रहा है कि बच्चों के आने की खुशी पर अपना वक्त से पहले नाकाम हो
जाना भारी पड़ गया था। सिज़ेरियन के पहले ऑपरेशन टेबल पर पड़े-पड़े मैं ओटी में
बजते एफएम पर एक गाना सुनते हुए सोच रही थी कि मैं अब कभी लिख नहीं पाऊंगी – न
गाने, न फिल्में, न कहानियां और न ही कविताएं। दो बच्चों की मां की ज़िन्दगी का रुख़
यूं भी बदल ही जाता होगा न?
मेरी
कॉम ऑपरेशन थिएटर के टेबल पर डॉक्टर से बेहोशी के आलम में पूछती है, “सिज़ेरियन के बाद मैं बॉक्सिंग कर पाऊंगी न?”
वो
मेरी कॉम थी – वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर। लेकिन उस मेरी कॉम में मुझे ठीक वही डर दिखाई
दिया था जो मुझमें आया था बच्चों को जन्म देते हुए। फिल्म में कई लम्हे ऐसे थे
जिन्हें देखते हुए लगा कि इन्हें सीधे-सीधे मेरी ज़िन्दगी से निकालकर पर्दे पर रख
दिया गया हो। सिर्फ शक्लें बदल गई थीं, परिवेश बदल गया था, नाम बदल गए थे। लेकिन तजुर्बा
वैसा ही था जैसा मैंने जिया था कभी।
इसलिए
इस लेख को शुरु करते हुए मुझे इस बात का डर लग रहा था कि ये लेख ‘मेरी कॉम’ फिल्म की समीक्षा की बजाए आत्मकथात्मक अधिक हो जाएगा। लेकिन मेरा डर इसलिए
निराधार है क्योंकि अगर कोई कहानी, कोई फिल्म या किसी की कही हुई कोई बात में अपना
अक्स नज़र आता है तो स्टोरीटेलिंग के उस फॉर्मैट को सफल मान लिया जाता है।
हालांकि रॉजर एबर्ट का एक
मशहूर कोट है – It’s not what a movie is about, it’s how it is about.
‘व्हाट‘ के बारे में बात की जाए तो मेरी कॉम का सफल होना लाज़िमी है। उमंग कुमार और
प्रियंका चोपड़ा की अथक मेहनत के साथ-साथ मेरी कॉम की कहानी अपने आप में इस कदर
मुकम्मल है कि उसमें एक बेस्टसेलर के सारे तत्व स्वाभाविक तौर पर मौजूद हैं। मेरी कॉम
की ज़िन्दगी खुली किताब है। ‘अनब्रेकेबल’ नाम की ऑटोबायोग्राफी
में मेरी अपनी ज़िन्दगी के बारे में बहुत बेबाकी और ईमानदारी से पहले ही लिख चुकी
हैं।
इस
लिहाज़ से ‘हाउ’ के पैमाने पर फिल्म का खरा उतरना ज़रूरी हो जाता है।
और यही आकर प्रियंका चोपड़ा की मेरी के रूप में अदाकारी पर वाहवाहियां लुटाती मेरे
भीतर बैठी मां और औरत पर एक सचेत दर्शक भारी पड़ जाता है। बायोपिक रिसर्च के दम पर
बनाई जाती है, और वहां उमंग कुमार के हिस्से की वाहवाही इसलिए कम हो जाती है
क्योंकि मेरी एक लिविंग लेजेन्ड तो है, लेकिन उसकी कहानी हर रोज़ लिखी जा रही है।
इसलिए सब्जेक्ट के लिहाज़ से मेरी कॉम एक आसान विषय है। निर्देशक के हिस्से में इस
बात का क्रेडिट ज़रूरत जाता है कि उन्होंने एक जीती-जागती बॉक्सर पर फिल्म (और वो
भी पूरी तरह कमर्शियल फिल्म) बनाने की हिम्मत की। कई बार आसानियां ही हमारी लिए
सबसे बड़ी चुनौती होती है। उमंग के साथ भी यही हुआ है।
उमंग
पहले खुद प्रोडक्शन डिज़ाईनर और आर्ट डायरेक्टर रहे हैं, इसलिए उनकी डिटेलिंग को
देखकर हैरानी नहीं होती। बल्कि एक सीन है जिसमें ऑनलर मेरी को पहली बार अपनी मोटरसाइकिल
पर बिठाकर घर छोड़ने जा रहा है। बिना स्ट्रीटलाइट वाली अंधेरी सड़क से गुज़रती हुई
बाइक की हेडलाइट को देखकर एक झुरझुरी सी होती है। ठीक ऐसी ही हैं इम्फाल की सड़कें
– अंधेरी, डरावनी, सुनसान। वो एक सीन मेरी कॉम के होम स्टेट मणिपुर के बारे में
सबकुछ कह जाता है।
प्रोडक्शन
में छोटी-छोटी बारीकियों का ख्याल रखा गया है – कोयले का चूल्हा, एक मरियल-सी गाय,
घर और घर के सामान, इमा और इपा (मेरी के मां-बाप) की पोशाकें, कोच सर का बदहाल जिम
और ट्रेनिंग सेंटर... हालांकि फिल्म मणिपुर में शूट हुई नहीं है, लेकिन एक बार भी
मणिपुर में न होने का गुमां नहीं होता।
मेरी
के किरदार के लिए प्रियंका चोपड़ा को साईन किए जाने पर उमंग की बहुत आलोचना हुई
थी। मैं भी उन लोगों में से थी जो मेरी के रोल में किसी मणिपुरी एक्ट्रेस को देखना
चाहते थे। एक ग्लैमरस प्रियंका चोपड़ा जैसी हीरोईन भला सीधी-सादी मेरी कॉम की तरह
दिख भी कैसे सकती है? लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने अपने अभिनय से सबकी बोलती बंद कर
दी है।
मनाली
की वादियों में कम-बैक की तैयारी करती मेरी कॉम के रूप में प्रियंका का शरीर वाकई
किसी फाइटर का शरीर लगता है। पूरी फिल्म में प्रियंका के चेहरे पर कोई न कोई भाव
है। एक लम्हे के लिए भी उनकी आंखें हमें नहीं छोड़तीं। कभी जोश, कभी ज़िद और कभी
कमज़ोर दिखने वाली उन आंखों और उस चेहरे में असली मेरी कॉम का चेहरा बड़ी सहजता से
घुल-मिल जाता है। दर्शन कुमार, रॉबिन दास और सुनील थापा अपने अपने किरदारों में
बहुत आसानी से ढल जाते हैं।
हालांकि
कई बार लगता है कि डायरेक्टर ने फिल्म के लिए संवाद लिखवाते हुए काश इतनी ही
बारीकियों का ख्याल रखा होता। फिल्म में संवाद कई जगह ढीले हैं, और फेडरेशन के
प्रमुख के रूप में सिन्हा के जिस किरदार को और दिलचस्प बनाया जा सकता था, वो तो
बहुत ही ढीला और स्टीरियोटिपिकल है। मेरी कॉम की ज़िन्दगी के सभी अहम
हाई-प्वाइंट्स को दिखाने की जल्दी में कई ख़ूबसूरत सीन से समझौता करना पड़ा है।
मेरी का अपने पिता के साथ का रिश्ता, ओनलर की भूमिका, कोच की नाराज़गी, परिवार की
परेशानियां, फेडरेशन की ज़्यादतियां, देशभक्ति, नॉर्थ-ईस्ट और इन्सर्जेंसी, महिला
सशक्तिकरण – ये सबकुछ दिखाने के चक्कर में लगता है कि हम कहानी के एक पन्ने से
दूसरे पन्ने पर इतनी तेज़ी से जा रहे हैं कि हमें कहानी ख़त्म कर देने की जल्दी है
बस। फ्लैशबैक के जिस स्ट्रक्चर का इस्तेमाल हुआ है, उसकी कोई ज़रूरत नहीं लगती।
कहानी लिनियर हो सकती थी, और तब शायद ज़्यादा बांधती। क्लाइमैक्स का मेलोड्रामा तो
ज़रा भी नहीं पचता। तब डायरेक्टर के लिए भी अफ़सोस होता है, और एक्टर के लिए भी।
बॉक्स ऑफिस पर तालियों और सिक्कों की खनक इतना बड़ी प्रेरणा होती है कि इसके लिए हम
अपनी मूल कहानी के साथ समझौता करने को भी तैयार हो जाते हैं। आख़िर में आए
राष्ट्रगीत ने रही-सही कसर पूरी कर दी। जो देश के नाम की भक्ति हमारे भीतर आनी भी
हो, तो वो अपने आप नहीं आनी चाहिए?
बावजूद इसके फिल्म के कई हिस्सों
में मेरी के किरदार में अपना अक्स दिखाई देता है – अपनी भीतर की बेचैन लड़की जिसका
महत्वाकांक्षी होना उसकी शख्सियत का सबसे खराब पहलू माना जाता है, प्यार में पड़ी
हुई औरत जिसे घर उतनी ही शिद्दत से चाहिए जितनी शिद्दत से मेडल चाहिए, एक मां जो
अपने करियर के सबसे अहम मुकाम पर अपनी सबसे बड़ी फैमिली क्राइसिस भी झेल रही होती है,
वो भी परिवार से दूर रहकर।
मेरी का ये किरदार एक शख्सियत
न होकर महज़ एक काल्पनिक चरित्र होता तो क्या फिल्म को एक सार्थक कोशिश माना जा
सकता था? मेरा जवाब हां में इसलिए है क्योंकि हाल की फिल्मों में फिल्म के ‘हीरो’ की जो परिभाषा बदली है, मेरी कॉम उसी परिपाटी पर चलती है। मेरी कॉम अलग तरह
से ‘क्वीन’ है, और बिल्कुल अलग तरह से एक औरत के वजूद का, उसके रोज़मर्रा के संघर्षों पर उसकी जीत का
सेलीब्रेशन है।
मुझ जैसी कई मांओं के लिए
सबक भी है ये फिल्म – कि मदरहुड एक नई शुरुआत होती है। जब हम किसी नए चैप्टर की
शुरुआत के लिए ज़िन्दगी का दूसरा चैप्टर ख़त्म कर रहे होते हैं तो कोई भी तजुर्बा
बर्बाद नहीं जाता। हम अपने तजुर्बे का, अपने अलग-अलग वजूदों का कुल योग होते हैं,
और ये कुल योग हमेशा टुकड़ों में बंटे हमारे वजूद से बड़ा होता है। ये बात हमारे
मामले में उतनी ही सच है, जितनी मेरी कॉम के मामले में रही।
वैसे ये फिल्म पुरुषों के
लिए भी एक सबक है। कोई और न सोच रहा हो तो ऑनलर की कहानी पर मैं फिल्म बनाना
चाहूंगी एक दिन।
सोमवार, 1 सितंबर 2014
तन्हा न बीत जाए दिन बहार का!
आई डोन्ट नो, मैंने एक सवाल के जवाब में कहा था।
मुझे नहीं मालूम मुझे कब, क्या, कैसे, क्यों चाहिए। मुझे ये भी नहीं मालूम कि जो है, जैसा है, वैसा क्यों है आख़िर। मुझे ये भी नहीं मालूम कि जो ठीक है नहीं, उसे ठीक किया कैसे जाए।
आई डोन्ट नो - मुझे नहीं मालूम - दुनिया के सबसे बड़े झूठ में से एक है।
वी ऑल नो। हम सबको मालूम होता है कि मुश्किल कहां है। हमें कौन-सी चीज़ आगे बढ़ने से रोक रही है। हम क्यों उलझे हुए हैं। हमारी तकलीफ़ों का सबब क्या है।
वी ऑल नो। रियली। हम सिर्फ़ सच से नज़र चुराने के लिए ख़ुद से झूठ बोलते रहते हैं।
मैंने अपने आस-पास कई जंजाल बुन लिए हैं। इन जंजालों की मुकम्मल शक्ल-सूरत होती तो इनसे निकलने के मुकम्मल रास्ते ढूंढे जा सकते थे। लेकिन ये जंजाल अमूर्त हैं। ग़ज़ब रूपों में अचानक कौंधी हुए बिजली की तरह दिखाई दे जाते हैं ये जंजाल -
अपने ही किसी अधूरे ख़्वाब के रूप में...
दूसरों के की जानेवाली अपेक्षाओं के रूप में...
किसी अज़ीज़ को औचक मिल गई सफलता से होने वाले तीखे रश्क के रूप में...
ख़ुद के कांधे चढ़ाई जा रही अपेक्षाओं के बोझ के रूप में...
सबके जंजाल एक-से। मेरे-आपके-इसके-उसके। सब बातों की जड़ कुल मिलाकर नौ रस, वो नौ भावनाएं जो हमारे जीवन को नियंत्रित करती हैं। सब बातों की जड़ें मन में कहीं समाई हुई हैं।
मैं नहीं जानती कि इन जंजालों से निकलने का रास्ता क्या है। लेकिन ये जानती हूं कि ये ताज़िन्दगी चलने वाली कोशिश है। ये भी जानती हूं कि फ़ैसला हमें करना होता है - कि हम इन जंजालों से हर रोज़ बाहर निकलने के रास्ते ढूंढेंगे या नहीं, अपने मन को दुरुस्त करने के तरीके अपनाएंगे या नहीं, उदासियों का लिबास ओढ़े दुनिया भर की सहानुभूतियां हासिल करने के लिए अपना दिल हथेली पर लिए सबकी ख़िड़कियों पर झांकते फिरेंगे - कि लो सुन लो मेरी बात, कोई तो इस टूटे हुए दिल की मरम्मत करने का ज़िम्मा उठा लो...
दिल बदनीयत है दोस्त। दिल किसी की मरम्मत किए नहीं जुड़ता। दिल किसी की सुनता भी नहीं। वो सिर्फ़ तुम्हारी सुनता है - उसकी, जिसके सीने में धड़कता है, हंसता-रोता है ज़ार-ज़ार।
इसलिए ख़ुद को कतरा-कतरा संभालने का ज़िम्मा अपने हाथों में लो। ख़्वाबों से पूछो कि चाहते क्या हैं। ख़ुद से प्यार करो। इतनी भी मत दो अपने कांधे कि टूट जाओ, बिखर जाओ। किसी और के रास्ते अपनी अपेक्षाओं की गेंदें मत उछालो। उस बिचारे को मैदान में अपनी जंग लड़ने से फ़ुर्सत नहीं।
मैं भी नहीं समझ पाती औऱ तुम भी नहीं समझ पाते कि सुकून 'तराना' फ़िल्म के गाने - 'गुंचे लगे हैं कहने' में मिथुन चक्रवर्ती के पीछे-पीछे चलती रंजीता है, जो ठीक साथ है लेकिन हम मुड़कर उसे देख नहीं पाते, और ज़िन्दगी की वादियों में भटकते हुए उसे आवाज़ देते-देते पूरी उम्र निकाल देते हैं। भागते रहते हैं, और सुकून दबे पांवों पीछे-पीछे भागती रहती है। रुककर उसे थाम लेने से अपने हिस्से के संगीत के, अपने हिस्से के इंतज़ार के ख़त्म हो जाने का डर सुकून को बांहों में ले लेने की ज़रूरत से बड़ा होता है।
इसलिए सभी सवालों के जवाब 'आई डोन्ट नो' पर आकर ख़त्म हो जाते हैं।
और ये जो सारी भाषणबाज़ी है न, सब की सब सिर्फ़ और सिर्फ़ नोट टू सेल्फ़ है!

रविवार, 24 अगस्त 2014
Then as it was, then again it will be...
(It is uncanny how I was dreaming of my grandfather yet again.
Two years later... the same date... the same dream.
Here is a note I wrote on FB on August 23rd, 2012. Yet another proof of what writing a diary could do to us, and how writing helps us understand our lives, actions and ourselves better through months and years, and through our lifetime. Yet another proof of why we should often communicate with ourselves. Yet another proof of how our expressions help us in the moments of despair.)
I woke up really early today, having cried freely even in my dreams. It is really uncanny how I dream of my grandfather every time there is something I need to take a decision about.
I dreamt of him again last night. He was restless, and he was making me look for something I had lost. He was stading right behind me holding me by my shoulders, forcing me to duck down right under the bed.
"It's filthy out there. I am allergic to dust," I resisted.
"Get a broom and clean it", he said.
That couldn't be my grandfather, I thought to myself. This has to be someone else. Baba would have never asked me to pick up a broom, and do something THAT menial. I was too precious for him.
I couldn't find what I was looking for, but I have got your message Baba.
I need to clean up. I need to duck down in order to see where all this filth is lying, and I need to look for what I have lost, making my way through that clutter.
I need to find myself. I need to find patience. And I need to find time to indulge in meaningful conversations with myself in order to express better.
Now, THAT is what is bothering me. I am in such a hurry most of the time that I just need outlets to express - short conversations, a flash of thought, an idea, a sentence, a phrase, a line which is self-explanatory... All the mediums through which I am communicating are giving me such outlets.
But what happened to the more meaningful conversations? The result is here - endless day-to-day shallowness and a monotony that is making me wonder where all my time is going!
Is this what I wanted my expressions to be?
I don't deny that what starts here with a monologue sometimes results into very meaningful and quick dialogues, with ideas flowing in from all sides - sometimes inspirational, sometimes creative, intuitive, imaginative, but quick nevertheless. And if you come to think of it, these quick conversations are like quick lovemaking, which fulfills the desire but can never be passionate and meaningful.
An action doesn't necessarily proceed by laws or by reasons. An action proceeds by feelings, intuition and conscience. An action, I would like to believe, is a representation of thoughts and behaviour. Consider this action of mine a way of disciplinging myself. I need to stay quiet. I need to cry without feeling miserable. I need to laugh without having this obsessive compulsive disorder of sharing that joke with the world. I need to be with myself. I am hoping that it surely will bring some order to the chaos of mind and will help me make the unknown known. If not that, it will at least help me acknowledge the unknown, and sometimes help me accept it.
For now, I would like to measure "a meaningful talk" by the control it has managed to achieve over outbursts of emotions.
I will come back when I have something more meaningful and important to share that the mundane status updates and note-to-selfs. I will come back when I have found myself.
क्या कहूं कहां ग़ुम हूं मुद्दतों से,
मुझको तो ढूंढने निकला है अब घर मेरा।
And here is the famous Led Zeppelin song which has been on a loop since early morning. Melancholy has its own charm, I tell you!
"But the eagle leaves the nest, it's got so far to go
Changes fill my time, baby, that's alright with me
In the midst I think of you, and how it used to be"
In the midst I think of you, and how it used to be"
बुधवार, 20 अगस्त 2014
ख़ानाबदोशियों पे ही जाने क्यों, इलाही मेरा जी आए!
टूटा हुआ एक घोंसला, बिस्तर पर फुदकते दो चूजे, फ़र्श पर घूमती बेपरवाह निर्भीक मोटी छिपकली, बिखरा हुआ घर और बाथरूम का एक नल जो बंद ही नहीं हो रहा... रात कुछ ऐसे बिंबों से होकर गुज़री है।
शुक्र है, सुबहों का वजूद रातों से आज़ाद होता है।
साढ़े छह बज गए हैं, लेकिन मैं उठना नहीं चाहती। छह चालीस हो गए हैं, लेकिन मैं फिर भी उठना नहीं चाहती। अगले पैंतीस मिनट में बच्चों की बस आ जाएगी, लेकिन मैं फिर भी उठना नहीं चाहती।
जाने वजह क्या है। रात जल्दी सो गई थी। लेकिन फिर भी मैं उठना नहीं चाहती। मैं बच्चों के बहाने अपनी छुट्टी चाहती हूँ।
बच्चों का इंटर-हाउस कविता पाठ है आज, और दोनों ने बहुत तैयारी की है। आदित तो साढ़े नौ बजे तक होमवर्क करता रहा था, और अपने क्लास के नोटिस बोर्ड पर लगाने के लिए पुलिसवाले का एक स्केच बनाता रहा था। नींद में भी दोनों अपनी-अपनी रटी हुई कविताएं दोहराते रहे थे।
मुझे उठना ही होगा। मुझे दोनों को स्कूल भेजना ही होगा, वरना दिल टूट जाएगा दोनों का।
साढ़े सात से थोड़ा पहले ही घर एकदम खाली हो जाता है। यूं कि जैसे तूफ़ान गुज़र गया हो, और आपाधापियों की निशानियां चुनते हुए एक ही ख़्याल तारी रहता है - बिस्तर पर जाऊं और सो जाऊं बस। गहरी नींद। बहुत गहरी। मर जाने के माफ़िक। और जब उठूं तो किसी अनजान शहर में उठूं, जहां से बिस्तर से बाथरूम तक जाने तक का दरवाज़ा ढूंढना पड़े, रसोई खोजनी पड़े, घर से बाहर निकलने का दरवाज़ा ख़ुद ही बनाना पड़े।
हम सबसे ज़्यादा जो छुपाते हैं, अपनी थकान को छुपाते हैं। जिस्म से ज़्यादा मन की थकान को।
मन को थकान दूर करने का कोई तरीका चाहिए।
ऐसे थके हुए मन को रिजुवेनेट करने के लिए जुलिया कैमेरॉन आपको आर्टिस्ट डेट पर जाने की सलाह देती हैं। कहती हैं कि अपने 'इनर चाइल्ड', अपनी भीतर के 'आर्टिस्ट चाइल्ड' को घर से बाहर निकालिए। शहर में बेवजह घूमिए। सूखी हुई पत्तियाँ अपनी जेबों में भरिए। टूटे-फूटे पत्थर गली-मोहल्लों से लाकर अपनी मेज़ों पर सजाईए। हफ़्ते में एक घंटे का वक़्त अपने लिए, सिर्फ़ अपने लिए निकालिए। ये वक़्त आपके भीतर के 'आर्टिस्ट चाइल्ड' की ज़िद पूरी करने का है।
मैं सोचती हूं, जूलिया कैमरॉन हिंदुस्तान में - ख़ासकर - उत्तर भारत में नहीं रही होंगी। सितंबर की चिलचिलाती धूप और गंदी-सी उमस में भला कोई पत्ते-पत्थर चुनने घर से बाहर जाए? मेरे भीतर का आर्टिस्ट चाइल्ड कभी सोता, कभी रोता हुआ ही ठीक है। हमारे देश में बच्चे ऐसे ही पाल लिए जाते हैं। हमारा समाज बच्चों को नर्चर करने में यकीन नहीं करता, इस बात पर यकीन करता है कि बच्चे बड़े हो ही जाते हैं। रोज़़-रोज़ का संघर्ष जो है, वो बच्चों और बच्चों की तरह भीतर के आर्टिस्ट बच्चे की बात सुनने का वक़्त नहीं देता।
फिर क्या है कि मन ज़िद पर अड़ा है? फिर क्यों मैं बेवजह इंटरनेट पर दुनिया के सबसे तन्हां और अलहदा शहरों के नाम ढूंढ रही हूं? क्यों गूगल पर अचानक टाईप कर बैठी - the 25 most remote places in the world? वो कौन-सी हैरतें हैं जो मैं जीना चाहती हूं, महसूस करना चाहती हूं? रोज़मर्रा की ज़िन्दगी कम हैरतअंगेज़ है? आस-पास कम हैरानियां, कम सदमे हैं कि कहीं दूर जाकर डूबते हुए देखना है सूरज को?
वो कौन-सा शहर होता होगा जहाँ रात उगती नहीं होगी कभी?
वो कौन-सा पहाड़ होगी जिसके चिकने पत्थरों पर से फिसलकर सीधे प्लूटो पर लैंड किया जा सके?
वो कौन-सी नदी होगी जिससे निकलकर मछलियां रेत पर आराम फ़रमाती हों?
दुनिया का सबसे ऊंचा, और सबसे नीचा शहर कैसा होता होगा?
मछुआरों की बस्तियों में क्या वाकई समंदर से निकलकर नाचने के लिए आती होंगी रूहें?
जंगल की बीचोंबीच सड़क जब बल खाना भूल जाती होगी तो कहाँ ठहरती होगी?
एक ज़िन्दगी में ये सब देख लें और जान लें, क्या मुमकिन है ये भी?
दो किताबें और एक आर्टिकल दूसरी ज़ुबान की शक्ल में ढलने का इंतज़ार कर रहे हैं। टूृ-लिस्ट है कि ख़त्म नहीं होती। क्लायंट मीटिंग्स और कॉनकॉल्स आज की ज़िन्दगी का इकलौता सच है। ड्राफ्ट्स में अधूरी कहानियां पुकार पुकार कर थक चुकी हैं। बाज़ार के सौ काम हैं, और बाज़ार जाने के नाम पर आनेवाली उबकाई कम नहीं हुई। मेरा बस चले तो दूध और सब्जी भी ऑनलाइन खरीद लूं। दोस्तों को आवाज़ देना चाहती हूं, लेकिन शुक्र है कि मेरे पास किसी का फोन नंबर नहीं। एक ही रोना क्या रोना हर रोज़? काम के अलावा ख़ुद को बचाए रखने का कोई दूसरा रास्ता नहीं। डेडलाइन जिए जाने की इकलौती वजह है।
सब जानती हूं, लेकिन फिर भी...
ख़ानाबदोशियों पे ही जाने क्यों,
इलाही मेरा जी आए, आए।
इलाही मेरा जी आए...
बूंदों पे नहीं, गहरे समंदर पे
इलाही मेरा जी आए, आए
इलाही मेरा जी आए!!!

मंगलवार, 19 अगस्त 2014
एक चिट्ठी 'गुलज़ार' के नाम!
गुलज़ार साब,
उड़ीसा में एक इत्तू-सा स्टेशन है - इतना ही इत्तू-सा कि गूगल पर भी बड़ी मुश्किल से मिलता है। इंटरसिटी में बैठने के बाद मुझे कई बार स्टेशन का नाम मन ही मन कई बार रटना पड़ा था - राईराखोल... राईराखोल... राईराखोल... राईरोखोल। कुल दो मिनट ट्रेन रुकती थी वहाँ, और ग़लती से स्टेशन छूट जाता तो अगला स्टेशन कौन-सा होगा, ये भी नहीं मालूम था। उड़िया बोल पाती तो सूरमा बन जाती, लेकिन ज़ुबानों पर मेरी अपनी निर्भरता ने मेरे भीतर की भीरू लड़की के सारे पोल खोल दिए थे।
और ऊपर से ग़ज़ब बात ये कि जिस ड्राईवर को मुझे लेने आना था, वो पहुंचा नहीं वक़्त पर। एक अजनबी प्लैटफॉर्म पर गुम हो जाना फैंटैसी रही है मेरी, लेकिन वो प्लैटफॉर्म राईराखोल नहीं हो सकता था। What a disgrace it would have been!
स्टेशन पर उग आए पलाश के पेड़ों को गिनने में मुझे जितना वक़्त लगा, उतने ही लंबे थे ड्राईवर साब का 'दो मिनट'। गाड़ी में बैठते ही उस ड्राईवर के सात ख़ून माफ़ कर देने का फ़ैसला कर लिया था मैंने। एक तो अप्रैल में जलते उड़ीसा से झूठी राहत मिल गई थी, और दूसरा - गाड़ी में आपकी आवाज़ गूंज रही थी - याद है/मेरी मेज़ पर बैठे-बैठे/सिगरेट की डिबिया पर/छोटे-से एक पौधे का स्केच बनाया था...
मुझे मालूम नहीं था कि मैं किस शहर, किस क़स्बे में हूँ।
मुझे ये भी मालूम नहीं था कि मुझे जाना कहाँ है।
मैं ये भी नहीं जानती थी कि मुझे मंज़िल पर पहुँचाने का बीड़ा उठाने वाले इस ड्राईवर पर यकीन करना भी चाहिए या नहीं।
मुझे रास्ते का पता न था, जिन लोगों से मिलने जाना था उन लोगों के फोन नंबर के अलावा मेरे पास कोई और जानकारी न थी।
(मैं एक फ़ील्ड विज़िट पर थी, और गांवों में जाकर एक रिपोर्ट के लिए डेटा इकट्ठा कर रही थी। उड़ीसा के पांच ज़िलों के सफ़र पर थी, अकेली।)
लेकिन गाड़ी में आपकी आवाज़ सुनते ही सिक्स्थ सेंस ने कहा, इस अजनबी आदमी पर यकीन किया जा सकता है। जिस डाईवर की गाड़ी में गुलज़ार और जगजीत सिंह की आवाज़ मुसलसल बहती हो, वो ड्राईवर मेहमानों की सलामती अपनी ज़िम्मेदारी समझता होगा।
राईराखोल के जंगल-गांवों से निकलते हुए, महानदी के विशालकाय पुल से होकर, किसी नेशनल हाईवे के रास्ते हम सफ़र करते रहे, और गाड़ी में आपकी आवाज़ के पीछे-पीछे चलकर आपकी लिखी ग़ज़लें आती रहीं, गूंजती रहीं।
सारी वादी उदास बैठी है
मौसम-ए-ग़ुल ने ख़ुदकशी कर ली
किसने बारूद बोया बाग़ों में?
मैं नियमगिरि से कुछ ही दूर थी। मै कालाहांडी के रास्ते में थी। मैं उन जंगलों, पहाड़ों से होकर गुज़र रही थी जिनकी आवाज़ें तभी सुनाई देती हैं जब तरक्कीपरस्त लोग उनपर हमले बोलते हैं। हैरान थी कि हर जगह का अलग-अलग सच एक नज़्म में कैसे बयां हो सकता है? लेकिन ये नज़्मआपकी लिखी थी। जिसने ज़िन्दगी को भरपूर, और भरपूर ईमानदारी से जिया-बोया-काटा-धोया-खंगाला हो, उसका बयां किया हुआ सच यूनिर्वसल सच के बहुत करीब होता है।
आओ हम सब पहन लें आईने
सारे देखेंगे अपना ही चेहरा
सबको सारे हसीं लगेंगे यहां
हम सब ज़रूरतमंद लोग हैं। पेट और जिस्म की भूख से ज़्यादा बड़ी भूख दिल और ज़ेहन की होती है। किसी की छुअन, प्यार से थाम ली गई उंगलियां, दाएं गाल पर बेख़्याली में उतार दिया गया कोई बोसा, तारीफ़ में कहे गए चार सच्चे-झूठे अल्फ़ाज़, और किसी का दिलाया हुआ ये यकीन कि तुम्हारी ज़रूरत है - ये हर बार एक बड़ा फ़रेब होता है। लेकिन हर बार इस बड़े फ़रेब को सच मानने की बदगुमानी हर रोज़ जीना का हौसला देती है। हर शख़्स टूटा-फूटा है यहां।
और ये पहली बार नहीं था कि आपके अल्फ़ाज़ों में किसी कच्चे भरोसे को जोड़ने की पक्की कोशिश सुनाई दी थी फिर एक बार। मैं उन दिनों उलझनों में थी। कई सवाल के जवाब हम ज़िन्दगी भर ढूंढते रहते हैं। वैसे ही कुछ सवालों को बालों के क्लच में उलझाए हुए सिर पर बोझ-सा डाले घूम रही थी गांव-गांव, शहर-शहर।
अपना ही चेहरा देखना चाहते हैं हम गुलज़ार साब - हर रिश्ते में, हर दोस्ती में। हम सब थोड़े कम थोड़े ज़्यादा हैं तो नारसिस ही। हम सबको अपने-अपने एको... अपनी-अपनी ही परछाईयों से मोहब्बत है।
है नहीं जो दिखाई देता है
आईने पर छपा हुआ चेहरा
तर्जुमा आईने का ठीक नहीं!
और जो दिखता नहीं, वो ऐसा सच है जिसे रेत में सिर घुसाए शुतुमुर्ग की तरह हम देखना ही नहीं चाहते। दोष आईने के किए हुए तर्जुमे का है ही नहीं। दोष हमारी नज़रों का है, जो आईने में सिर्फ़ अपनी झूठी शक्लें देखना चाहती है। नज़रें सच को झुठलाती हैं। नज़रें अपने दोष छुपाती हैं। नज़रें अपने ही गुनाहों, ग़लतियों, बेवकूफ़ियों से आंखें चुराती हैं। नज़रें को नज़र में नज़र डालकर बात करने वाली परछाईयां अच्छी ही नहीं लगतीं।
इसलिए हम बदलते नहीं। इसलिए हम सुधरते नहीं।
ऐसे बिखरे हैं रात-दिन जैसे
मोतियों वाला हार टूट गया
तुमने मुझको पिरो के रखा था!
कई बार हुआ है कि भीतर के गर्द-ओ-गुबार को साफ़ करने की ज़रूरत होती है हमको। कई बार होता है कि रोने के लिए कोई अनजान रास्ता मंसूब होता है। जब कोई न देख रहा हो तो खुलकर रोना आसान होता है। जब कोई न सुन रहा हो तो अपनी रूह के कन्फेशन बॉक्स में बैठे-बैठे अपने भीतर के किसी पादरी के सामने अपने गुनाहों को क़ुबूल करना आसान हो जाता है।
जिस दिन रूह किसी अनजान रास्ते पर खुलकर ज़ेहन से बात करती है उस दिन गुलज़ार साब, उस सदी में पैदा होने के लिए यूनिवर्स को हज़ारों शुक्रिया भेजता है दिल कि पैदा हुए तो उसी ज़माने में जिस ज़माने ने आप जैसा कोई शायर देखा। चले उन्हीं सड़कों पर, जिए वही सरोकार, हासिल की वही तकलीफ़ें जो आपकी कलम से बरसती रहती है लगातार।
आपकी सालगिरह पर और क्या कहूं, सिवाए इसके कि
हमको ग़ालिब ने ये दुआ दी थी
तुम सलामत रहो हज़ार बरस
हमको ग़ालिब ने ये दुआ दी थी
तुम सलामत रहो हज़ार बरस
ये बरस तो फ़क़त दिनों में गया!
और ये जो दिन हों न, उनकी उम्र हज़ार बरसों की हो। है तो क्लिशे ही, फिर आपसे मुआफ़ी के साथ। आपके आगे आप ही की बात करने की ज़ुर्रत की मुआफ़ी भी दे दी जाए!
आप गुलज़ार रहें, सदियों तक।
अनु

सदस्यता लें
संदेश (Atom)